बिहार

शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव एस. सिद्धार्थ बने विकास आयुक्त

SHIDDHANT
30 Aug 2025 10:15 PM IST
शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव एस. सिद्धार्थ बने विकास आयुक्त
x
BIHAR बिहार : सरकार ने शनिवार को आईएएस अधिकारी और शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव एस. सिद्धार्थ का स्थानांतरण करते हुए उन्हें विकास आयुक्त के पद पर नियुक्त कर दिया। यह आदेश सामान्य प्रशासन विभाग से जारी किया गया। अधिसूचना के अनुसार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव और अतिरिक्त प्रभार अपर मुख्य सचिव, मंत्रालय सचिवालय विभाग, अपर मुख्य सचिव, शिक्षा विभाग एस. सिद्धार्थ अगले आदेश तक विकास आयुक्त के पद पर रहेंगे। इसके अलावा, अधिकारी हरजोत कौर को वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन के अपर मुख्य सचिव पद से हटाकर राजस्व परिषद का अध्यक्ष सह सदस्य बनाया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव बी. राजेंद्र को अगले आदेश तक शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह व्यवस्था एक सितंबर से लागू होगी।
इस क्रम में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष सह वित्त विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर को वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का अपर मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। अपर मुख्य सचिव, गृह विभाग अरविंद कुमार चौधरी को मंत्रिमंडल सचिवालय का अपर मुख्य सचिव के अतिरिक्त प्रभार की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। एस. सिद्धार्थ अपने सादगीपूर्ण जीवन और जनता के बीच सहज व्यवहार के लिए जाने जाते हैं। वे कभी ट्रेन से सफर करते नजर आते हैं तो कभी स्वयं सब्जी खरीदने निकल जाते हैं। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव रहते हुए उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से स्कूलों की निगरानी की। इस दौरान वे स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं, पढ़ाई की व्यवस्था और शिक्षकों की उपस्थिति का जायजा लेते थे। एस. सिद्धार्थ की कार्यशैली को प्रशासनिक कुशलता और आमजन से जुड़ाव का उदाहरण माना जाता है। उनका स्थानांतरण बिहार के प्रशासनिक ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
Next Story