बिहार

बिहार रेप केस में कार्रवाई तेज, मुख्य आरोपी रोहित सहनी गिरफ्तार

Tulsi Rao
30 Sept 2026 8:12 AM IST
बिहार रेप केस में कार्रवाई तेज, मुख्य आरोपी रोहित सहनी गिरफ्तार
x

बेगूसराय में होटल के अंदर युवती से दुष्कर्म और मारपीट से जुड़े वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रोहित कुमार सहनी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को समस्तीपुर जिले के मोहद्दीनगर इलाके से पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के बाद बेगूसराय लाते समय उसने भागने की कोशिश भी की, जिसमें उसके घुटने में गंभीर चोट लग गई।

पुलिस ने इस मामले में रोहित के जीजा और नामजद आरोपी विक्रम कुमार को भी गिरफ्तार किया है। विक्रम की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को रोहित के ठिकाने के बारे में अहम जानकारी मिली। इसके बाद एसटीएफ, एसआईटी और स्थानीय पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं।

तकनीकी सर्विलांस के आधार पर पुलिस को पता चला कि रोहित कुमार सहनी समस्तीपुर के मोहद्दीनगर बाजार में छिपा हुआ है और वहां से भागने की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को लेकर बेगूसराय लौट रही थी। रास्ते में सुल्तानपुर के पास उसने पेशाब करने के लिए वाहन रोकने की बात कही। पुलिस के मुताबिक वाहन की रफ्तार कम होते ही आरोपी ने अचानक छलांग लगाकर भागने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे दोबारा पकड़ लिया, लेकिन गिरने की वजह से उसके दाहिने पैर के घुटने में गंभीर चोट आ गई।

घायल आरोपी को पहले बछवाड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी मनीष भी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो से जुड़े मामले में दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी रोहित कुमार सहनी से पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने और मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका होने की संभावना की भी पड़ताल कर रही है।

Next Story