बिहार
शिक्षा विभाग के विरोध में एबीवीपी कार्यकर्ताओ ने दिया धरना,लगाए मुर्दाबाद के नारे
Shantanu Roy
19 Oct 2022 6:02 PM GMT

x
बड़ी खबर
किशनगंज। जिले में राज्य शिक्षा विभाग की लापरवाही का मामला एक बार फिर सामने आया है। शिक्षा विभाग 7वीं कक्षा के प्रश्न पत्र में कश्मीर को एक अलग देश बताया है। मामला सामने आने के बाद बीजेपी ने महागठबंधन की सरकार पर ज़ोरदार हमला बोला है। बिहार शिक्षा बोर्ड द्वारा स्थापित सरकारी स्कूलों के लिए कक्षा 7 के प्रश्न पत्र में कश्मीर को भारत से अलग हिस्सा बताया गया है। मामला किशनगंज के एक स्कूल से सामने आया है। परीक्षा में पूछा गया कि पांच देशों-चीन, नेपाल, इंग्लैंड, कश्मीर और भारत के लोगों को क्या कहा जाता है। इसी स्कूल की एक छात्रा ने बताया, परीक्षा का पहला प्रश्न ही देश के लोगों को लेकर था। कश्मीर देश नहीं बल्कि एक राज्य है। मामला सामने आने के बाद बीजेपी जिलाध्यक्ष सुशांत गोप ने आरोप लगाए कि ये सब सीमांचल में ही क्यों हो रहा है। बिहार सरकार कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग नहीं मानती है। उन्होंने आरोप लगाया है कि पूरे सीमांचल क्षेत्र में हिंदी स्कूलों में शुक्रवार को बंदी करना और अब 7वीं कक्षा का यह प्रश्न पत्र, जो पूछता है कि नेपाल, चाइना, इंग्लैंड, हिंदुस्तान और कश्मीर में रहने वाले को क्या कहते हैं ?
गोप ने कहा कि ऐसा पहली बार नहीं है जब कश्मीर को लेकर परीक्षा में इस तरह का कोई सवाल किया गया हो। इससे पहले 2017 में भी इस तरह का मामला प्रकाश में आया था और इसी प्रश्न को तब भी पूछा गया था। तब भी इसे मानवीय भूल बताया गया था। भारतीय जनता पार्टी के किशनगंज जिलाध्यक्ष सुशांत गोप ने कहा कि यह प्रश्न देश की एकता व अखंडता को कलंकित करने वाला माना जा रहा है तथा स्पष्ट है कि कश्मीर को भारत से अलग दिखाने की कोशिश की गयी है। यह एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा हो सकती है। ऐसे मामले में संबद्ध पदाधिकारी को कठोर कदम उठाने की आवश्यकता है। इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी सुभाष कुमार गुप्ता कुछ भी बोलने से बचते दिखे। वही आशा लता मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक का कहना है की ऐसा होना नहीं चाहिए था। बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने बिहार शिक्षा परियोजना कार्यक्रम पदाधिकारी के कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया और शिक्षा विभाग मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी को मांग पत्र सौंपा है और जल्द कार्रवाई करने की मांग किया है।
Next Story