बिहार

पैदल यात्रा कर युवक ने दी भावभीनी भरत को श्रद्धांजलि

Saba Naaz
4 July 2026 6:11 PM IST
पैदल यात्रा कर युवक ने दी भावभीनी भरत को श्रद्धांजलि
x

नेपाल: सप्तरी जिले से शुरू हुई एक अनोखी पदयात्रा अब बिहार में लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है। डालेश्वरी नगर पालिका वार्ड संख्या-3 के हटैल गांव निवासी रूपेश कुमार पैदल यात्रा करते हुए अब तक लगभग 242 किलोमीटर की दूरी तय कर चुके हैं। उनका लक्ष्य बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित बिलौटी गांव पहुंचकर स्वर्गीय भरत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित करना है। यह पदयात्रा 27 जून को शुरू हुई थी। रूपेश कुमार ने बताया कि उन्होंने यह यात्रा भरत तिवारी के संघर्ष, जनसेवा और समाज के प्रति उनके योगदान से प्रेरित होकर शुरू की है। उनके अनुसार यह केवल एक श्रद्धांजलि यात्रा नहीं है, बल्कि समाज में भाईचारे, एकता और मानवीय मूल्यों का संदेश देने का प्रयास भी है।

यात्रा के दौरान रूपेश कुमार अब तक नेपाल और बिहार के कई इलाकों से गुजर चुके हैं। शुक्रवार को उन्होंने भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड में प्रवेश किया, जबकि शनिवार को आगे बढ़ते हुए वे बिहिया चौराहा पहुंचे। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। लोगों ने माला पहनाकर उनका सम्मान किया और उनके संकल्प की सराहना की। स्थानीय लोगों के सहयोग और समर्थन से उनकी यात्रा को और भी मजबूती मिली है। कई स्थानों पर लोग उन्हें भोजन और आराम की सुविधा भी उपलब्ध करा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह यात्रा श्रद्धा और सामाजिक एकता का अनोखा उदाहरण है, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया है।

रूपेश कुमार ने कहा कि जब तक वे भोजपुर के बिलौटी गांव पहुंचकर स्वर्गीय भरत तिवारी को श्रद्धासुमन अर्पित नहीं कर देते, तब तक उनका संकल्प पूरा नहीं माना जाएगा। उन्होंने कहा कि यह यात्रा उनके लिए आस्था और सम्मान का प्रतीक है। नेपाल से बिहार तक फैली यह पदयात्रा अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन चुकी है। लोगों का मानना है कि इस तरह की पहल समाज में सकारात्मक संदेश देती है और भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करती है।

Next Story