
मधुबनी न्यूज़: उतरा बैंगरा के बीच स्टेट हाइवे-75 पर एक अनियंत्रित बाइक व तेज गति से जा रहा ट्रैक्टर की आमने—सामने टक्कर हो गयी. इस घटना में बाइक सवार तीन युवकों में एक की मौत मौके पर हो गयी, जबकि दो जख्मी हो गये.
इस घटना के दौरान उसी बाइक की ठोकर से सड़क पार कर रही एक बच्ची भी जख्मी हुई. बैंगरा हाईस्कूल के शिक्षक आशुतोष मिश्र और साहरघाट पुलिस के सहयोग से सभी जख्मियों को साहरघाट की एकनिजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया. डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद जख्मियों की नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मधुबनी जाने के लिए वहां से छुट्टी दे दी. साहरघाट थाना के प्रशिक्षु दारोगा अभिषेक आनन्द और सहायक सब इंसपेक्टर अनिल सिंह ने घटनास्थल पर पहुंच कर हालात का जायजा लिया. मृतक को पोस्टमॉर्टम के लिए मधुबनी भेज दिया. ट्रैक्टर लेकर उसका ड्राइवर घटनास्थल से भाग निकला. दुर्घटना की शाम की है. मृतक, विशनपुर निवासी 18 वर्षीय अंकित कुमार बताया गया है. जबकि बाइक सवार घायलों में उसी गांव के रहने वाले शुभम कुमार व राजन कुमार हैं.
बच्ची साहरघाट थाना क्षेत्र के करहुआंघाट निवासी उपेंद्र कामत की 12 वर्षीया बेटी बबीता कुमारी है. वह चतुर्दशी व्रत के मौके पर शिवमंदिर से संध्या पूजन कर घर जाने के लिए सड़क पार कर रही थी.





