बिहार

गांजा के साथ पकड़ा गया तस्करी का आरोपी, जेल भेजा

Admindelhi1
22 Sept 2026 5:33 PM IST
गांजा के साथ पकड़ा गया तस्करी का आरोपी, जेल भेजा
x
बख्तियापुर पुलिस ने गांजा तस्करी पर कसा शिकंजा

सहरसा: बख्तियारपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर करीब आठ किलो गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान थाना क्षेत्र के बलुआपार गांव के वार्ड संख्या 12 निवासी उस्मान उद्दीन के 48 वर्षीय पुत्र मु. अफरोज उद्दीन के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके घर की तलाशी के दौरान एक झोले में रखा करीब आठ किलो गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया। पुलिस आरोपित से आवश्यक पूछताछ के बाद मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

एसडीपीओ निशिकांत भारती ने प्रेसवार्ता में बताया कि बख्तियारपुर थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के बलुआपार वार्ड संख्या 12 में एक व्यक्ति अपने घर में गांजा जैसा मादक पदार्थ छिपाकर रखा हुआ है। सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई करने पर आरोपित को मादक पदार्थ के साथ पकड़े जाने की संभावना जताई गई थी।

सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में थानाध्यक्ष के अलावा पुअनि अमरजीत कुमार सिंह, राजा कुमार सहित अन्य पुलिस बल को शामिल किया गया। पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची तो पुलिस को देखकर एक व्यक्ति छिपने का प्रयास करने लगा। इस पर पुलिस को संदेह हुआ और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम मु. अफरोज उद्दीन बताया। इसके बाद पुलिस टीम ने उसके घर की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर में रखे एक झोले से करीब आठ किलो गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया। बरामद मादक पदार्थ को जब्त करने के बाद पुलिस ने आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।

एसडीपीओ निशिकांत भारती ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ के संबंध में आरोपित से आवश्यक पूछताछ की गई है। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तार आरोपित को मंगलवार को सहरसा न्यायालय भेज दिया गया। प्रेस वार्ता के दौरान बख्तियारपुर थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

Next Story