
Bihar: सीवान जिले में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मंगलवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब हिलसर गांव स्थित ब्रह्मस्थान-हिलसर मुख्य सड़क पर चलती बाइक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बाइक आग की लपटों में घिर गई और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, एक युवक होंडा एसपी-125 बाइक से ब्रह्मस्थान की ओर से हिलसर गांव की तरफ जा रहा था। इसी दौरान हिलसर गांव के पास आम के बगीचे के समीप बाइक से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही आग ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बाइक सड़क किनारे रोक दी और सुरक्षित दूरी पर चला गया, जिससे उसकी जान बच गई। कुछ ही देर में आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि पूरी बाइक जलकर राख हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। बाइक पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी।
घटना के बाद बाइक चालक वहां से चला गया, जिसके चलते उसकी पहचान और बाइक के मालिक का पता नहीं चल सका है। आग लगने के सही कारणों की भी पुष्टि नहीं हो पाई है।
स्थानीय लोगों का अनुमान है कि अत्यधिक गर्मी और तकनीकी खराबी के कारण बाइक में आग लगी होगी, हालांकि प्रशासनिक स्तर पर इसकी जांच नहीं हुई है।





