
Bihar: गया जी जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। यहां 24 और 25 जून 2026 को रोजगार एवं कौशल मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें निजी क्षेत्र की कई कंपनियां विभिन्न पदों पर भर्ती करेंगी। यह आयोजन पूरी तरह निःशुल्क होगा और इसमें चयन प्रक्रिया के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
यह रोजगार मेला बिहार सरकार के विभिन्न विभागों के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग तथा युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (PM-AJAY) के तहत 24 जून को कौशल एवं रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक बाबू जगजीवन राम कल्याण छात्रावास खेल परिसर, गया में होगा।
इस मेले का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इसमें अभ्यर्थियों को निजी कंपनियों में नौकरी पाने का मौका मिलेगा। कई प्रतिष्ठित कंपनियां इस मेले में भाग लेंगी, जिनमें उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, चैतन्य माइक्रोफाइनेंस, ब्लिंकिट, फ्रीडम एम्प्लॉयबिलिटी एकेडमी, टैलेंटकॉर्प सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड और जोगिरा डॉट कॉम शामिल हैं।
इसके अलावा 25 जून 2026 को अवर प्रादेशिक नियोजनालय, केंदुई (गया) में भी रोजगार शिविर लगाया जाएगा। यह शिविर सुबह 10:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक चलेगा, जिसमें फ्रीडम एम्प्लॉयबिलिटी एकेडमी द्वारा शिक्षक पद के लिए 20 रिक्तियों पर भर्ती की जाएगी।
शिक्षक पद के लिए अभ्यर्थी का स्नातक उत्तीर्ण होना आवश्यक है। आयु सीमा 18 से 45 वर्ष तय की गई है। चयनित उम्मीदवारों को 14,500 रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ यात्रा एवं आवास भत्ता, सवेतन अवकाश और मेडिकल इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी। कार्यस्थल गया ही रहेगा।
जिला प्रशासन ने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने बायोडाटा, शैक्षणिक प्रमाण पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि पर मेले में उपस्थित हों और इस अवसर का लाभ उठाएं। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी और निःशुल्क होगी।





