x
गया. जिले के वजीरगंज थाना अंतर्गत कारीसोबा गांव के रहने वाले दीपक कुमार का नवादा जिले के गोविंदपुर थाना अंतर्गत बकलौती गांव की रहने वाली खुशबू कुमारी के साथ पिछले 5 सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बीच दीपक ने उसके साथ जबरन संबंध बनाये और शादी करने की बात कही। इसके बाद दोनों रिलेशनशिप में रहने लगे। इस बीच में गर्भवती हुई तो इसी महीने में नवादा के श्री बाबा शोभनाथ पंचमुखी महादेव मंदिर में दीपक कुमार के साथ शादी हुई।
वहीं इस शादी का दीपक के परिजन विरोध कर रहे थे। किंतु दोनों की मर्जी से यह शादी कई लोगों की मौजूदगी में हुई। शादी के बाद वह अपने ससुराल कारीसोबा गई तो दहेज की राशि की मांग की गई।इस बीच पति दीपक कुमार परिजनों के दबाव में कहीं चला गया। पति ने जाने से पहले ससुराल के लोगों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की और तीन लाख की राशि दहेज के रूप में मांग रहे हैं। इस मामले को लेकर पीड़िता खुशबू कुमारी ने वजीरगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें ससुराल वालों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
आज पीड़िता एसएसपी कार्यालय में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। वहीं दहेज के लिए प्रताड़ित करने की बात कही है। केस दर्ज कर वजीरगंज पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है। वहीं पीड़िता खुशबू कुमारी ने बताया कि हमे न्याय मिले। उसका पति उसे साथ लेकर ससुराल जाए।
Next Story