बिहार

भाजपा कार्यसमिति की बैठक में भाग लेंगे 560 प्रतिनिधि दुल्हन की तरह सजेगा शहर: गोपालजी

Admin Delhi 1
26 Jan 2023 1:35 PM GMT
भाजपा कार्यसमिति की बैठक में भाग लेंगे 560 प्रतिनिधि दुल्हन की तरह सजेगा शहर: गोपालजी
x

किशनगंज: अबकी बार 350 पार के मूर्त रूप देने के लिए भारतीय जनता पार्टी प्रदेश द्वारा दरभंगा में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी। जिसकी तैयारी की जानकारी देने के लिए लहेरियासराय परिसदन में प्रेस को संबोधित करते हुए सांसद गोपालजी ठाकुर ने कहा कि दरभंगा में यह कार्यक्रम अविस्मरणीय व अकल्पनीय होगा। जब से भाजपा पार्टी बनी है तबसे आजतक प्रदेश कार्यसमिति की बैठक दरभंगा में नहीं हुई है। लेकिन इस बार भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने इस आयोजन के लिए दरभंगा को चुना है जो यहां के कार्यकर्ताओं के लिए खुशी व गौरव की बात है। मिथिला आतिथ्य सत्कार के लिए चर्चित है इसलिए इस कार्यक्रम की ऐसी तैयारी की जा रही है कि कार्यक्रम में आने वाले हमारे अतिथि इसे कई वर्षों तक याद रखें। सांसद ने कहा कि कार्यक्रम में भाग लेने के लिए 560 प्रतिनिधि पहुंचेंगे। बिहार विधानसभा व विधान परिषद के सभी सदस्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। जिसके लिए शहर को दुल्हन की तरह सजाकर जगह – जगह तोरणद्वार लगवाया जा रहा है। शहर में 25000 पार्टी के झंडे लगाये जा रहे है। कार्यक्रम की शुरुआत शंखनाद व वैदिक मंत्रोच्चार से होगा।

कार्यक्रम को आकर्षक बनाने के लिए मिथिला पेंटिंग की स्टॉल, कवि गोष्ठी, झिझिया नृत्य जैसे कार्यक्रम भी होंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से वर्ष 2024 में बिहार में होने वाली विधानसभा और 2025 में होने वाले लोकसभा का शंखनाद किया जाएगा। साथ ही उत्तर बिहार की मूल समस्या बाढ़ के स्थायी निदान को कार्यसमिति की बैठक में रखा जाएगा। मधुबनी के सांसद डॉ.अशोक कुमार यादव ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने के लिए सभी जिला के जिलाध्यक्ष व प्रभारी 27 जनवरी को दरभंगा पहुंच जायेंगे। भाजपा का संगठन काफी मजबूत है। मिथिला की धरती से प्रदेश के साथ ही पूरे देश को आगामी 2025 के लोस चुनाव का संदेश दिया जाएगा। वहीं जाले विस के विधायक व पूर्व मंत्री जीवेश मिश्र ने कहा कि यह आयोजन दरभंगा के लिए सौभाग्य की बात है। इस आयोजन से किसी भी आम आवाम को कोई परेशानी न हो इसके लिए हमारे कार्यकर्ता मुस्तैद रहेंगे। मौके पर विधायक स्वर्णा सिंह, प्रदेश महामंत्री दिवेश कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धार्थ शम्भु, विधान पार्षद हरि सहनी, पूर्व विधायक अमरनाथ गमी, जिलाध्यक्ष जीवछ सहनी, अमलेश झा, प्रदेश मंत्री धर्मशीला गुप्ता, सुजीत मल्लिक, कार्यक्रम प्रभारी सिद्धार्थ शंभु आदि मौजूद थे।

Next Story