
Bihar: सीवान जिले के नौतन थाना क्षेत्र में संचालित आर्केस्ट्रा अड्डों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 नाबालिग डांसरों को बरामद किया है। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। बरामद सभी लड़कियों को आगे की कानूनी प्रक्रिया और पूछताछ के लिए सीवान ले जाया गया है।
यह कार्रवाई सिवान महिला थाना की टीम द्वारा की गई, जिसमें थाना प्रभारी, एनजीओ प्रतिनिधि और मानवाधिकार विभाग के अधिकारी भी शामिल थे। टीम ने नौतन थाना क्षेत्र के बांका मोड़ और गंगा मोड़ सहित कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान कई आर्केस्ट्रा संचालकों के ठिकानों की जांच की गई और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ भी की गई।
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान कुल 20 नाबालिग लड़कियों को बरामद किया गया, जिन्हें सुरक्षित रखने और आगे की जांच के लिए महिला थाना ले जाया गया है। अधिकारियों ने उनके दस्तावेजों और परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है कि उन्हें इन जगहों पर कैसे लाया गया और किन परिस्थितियों में काम कराया जा रहा था।
नौतन थाना प्रभारी जीत मोहन कुमार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि यह पूरी कार्रवाई महिला थाना की विशेष टीम द्वारा की गई है। बरामद लड़कियों से पूछताछ और मेडिकल जांच की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मामले की विस्तृत रिपोर्ट महिला थाना स्तर से जारी की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत किया है। ग्रामीणों का कहना है कि नौतन क्षेत्र के कई चौराहों जैसे सोना चौक, भुलौनी मोड़, गंगा मोड़ और बांका मोड़ के आसपास लंबे समय से आर्केस्ट्रा की आड़ में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं।
लोगों का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगेगा और माहौल बेहतर होगा। पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। जांच के आधार पर आर्केस्ट्रा संचालकों और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





