बिहार

16 वर्षीय किशोर की हत्या, नदी किनारे फेंका शव

Rani Sahu
28 May 2022 3:44 PM GMT
16 वर्षीय किशोर की हत्या, नदी किनारे फेंका शव
x
मुजफ्फरपुर जिले के कटरा थाना के हाई स्कूल धनौर के पास बागमती नदी किनारे 16 वर्षीय किशोर की हत्या कर शव फेंक दिया गया

मुजफ्फरपुर जिले के कटरा थाना के हाई स्कूल धनौर के पास बागमती नदी किनारे 16 वर्षीय किशोर की हत्या कर शव फेंक दिया गया। मृतक की पहचान धनौर गांव के उमेश सिंह के नाती अंशु कुमार के रूप में की गई। उसके मुंह से खून गिरा था और शरीर पर मारपीट के निशान भी मिले हैं। परिजन हत्या की बात कह रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक छानबीन के बाद पुलिस ने भी हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, अभी घटना की वजह पता नहीं चल सकी है।

मृतक के नाना उमेश सिंह ने पुलिस को बताया कि अंशु हाई स्कूल धनौर में 10 वीं कक्षा का छात्र था। वह औराई थाना के रामखेतारी निवासी रामाकांत पांडेय का पुत्र था। करीब 10 साल पहले मां की मौत के बाद से ननिहाल में रहकर ही पढ़ाई कर रहा था। ननिहाल में ही उसका लालन-पालन किया जा रहा था। शुक्रवार की दोपहर करीब दो बजे वह कोचिंग के लिए घर से निकला था। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर खोजबीन की गई, लेकिन उसका पता नहीं चला। शनिवार सुबह जब ग्रामीण नदी किनारे गए तो शव देखा। उमेश सिंह ने नाती की हत्या की आशंका जताई है।
फिलहाल, परिजनों ने थाने में एफआईआर के लिए आवेदन नहीं दिया है। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ललित कुमार ने परिजनों से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजनों से आवेदन मिलने के बाद ही कुछ स्पष्ट हो सकेगा। अभी पुलिस जांच कर रही है। घटना का खुलासा होने पर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इधर, देर शाम शव पोस्टमार्टम से आने के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।


Next Story