
x
Bihar बिहार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने के मौके पर बिहार बीजेपी ने विशेष कार्यक्रमों की तैयारी शुरू कर दी है। बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने बताया कि इसको लेकर पार्टी की ओर से बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। रामकृपाल यादव ने कहा कि विधायक दल की बैठकें सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा होती हैं, लेकिन आज की बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्यों और संकल्प को समर्पित थी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक सेवा काल को लेकर विशेष आयोजन किए जाएंगे।
मंत्री ने जानकारी दी कि इस अभियान के तहत कुल 13 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें हर दिन एक कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है, जो करीब एक महीने तक चलेगा। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री की ओर से दिशा-निर्देश प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन में रहकर देश की सेवा की है। उनके कार्यकाल और योगदान को जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
रामकृपाल यादव ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता इन आयोजनों को सफल बनाने के लिए पूरी तैयारी करेंगे। कार्यक्रमों के जरिए प्रधानमंत्री के सेवा कार्यों, योजनाओं और उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन स्तर पर सभी तैयारियां कर रहा है और अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां भी सौंपी जा रही हैं। बीजेपी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने को लेकर देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बिहार में भी पार्टी इसे बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी में जुटी है।
Next Story





