बिहार

दिवाली–छठ पर बिहार के लिए 12 हजार विशेष ट्रेनें, 20% वापसी किराया छूट

SHIDDHANT
20 Aug 2025 11:13 PM IST
दिवाली–छठ पर बिहार के लिए 12 हजार विशेष ट्रेनें, 20% वापसी किराया छूट
x

BIHAR बिहार: त्योहारों के सीज़न में यात्रियों की सुविधा और बढ़ते दबाव को देखते हुए इंडियन रेलवे ने बिहार के लिए बड़ी घोषणाएं की हैं। दिवाली और छठ पूजा के अवसर पर दो महीनों तक कुल 12 हजार विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके साथ ही यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए वापसी की यात्रा पर 20 प्रतिशत किराए की छूट दी जाएगी। यह छूट 13 से 26 अक्टूबर तक यात्रा करने वाले यात्रियों की 17 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच वापसी टिकट पर लागू होगी। नई ट्रेनों में अमृत भारत एक्सप्रेस और बुद्ध सर्किट ट्रेनें भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, गयाजी से दिल्ली, सहरसा से अमृतसर और मुजफ्फरपुर से हैदराबाद तक अमृत भारत ट्रेनें शुरू होंगी। वहीं, बुद्ध सर्किट ट्रेनें वैशाली, हाजीपुर, सोनपुर, पटना, फतुहा, राजगीर, नाटेसर, गया और कोडरमा को जोड़ेंगी। इसके अलावा, पूरैना से पटना तक वंदे भारत ट्रेन भी चलायी जाएगी। इन नई ट्रेन सेवाओं से बड़े शहरों से बिहार आने-जाने वाले लोग काफी खुश हैं।

हर साल, त्योहारों पर बिहार के प्रवासी मजदूर अपने घर लौटते हैं, जिससे रेलवे पर भारी दबाव रहता है। अब 12 हजार विशेष ट्रेनें चलने से यात्रियों को सफर में सुविधा मिलने की उम्मीद है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस पहल से राज्य के रेलवे नेटवर्क को भी मजबूती मिलेगी और प्रवासी मजदूरों व अन्य यात्रियों के लिए यात्रा आसान होगी। बुनियादी ढांचे के मोर्चे पर भी रेलवे ने कई योजनाओं का ऐलान किया है। इसमें बक्सर से लखीसराय तक तीसरी और चौथी रेल लाइन, लौकाहा में वाशिंग पिट का निर्माण, पटना शहर के चारों ओर रिंग रेलवे, सुल्तानगंज से देवघर तक नई रेल लाइन, और बिहार में आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) व आरयूबी (रेलवे अंडरपास) का निर्माण शामिल है। रेलवे की इस पहल से न केवल त्योहारों के दौरान यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि बिहार के आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए इसे एक बड़ा राजनीतिक कदम भी माना जा रहा है। यात्रियों में इस घोषणा को लेकर खुशी की लहर है और उन्हें उम्मीद है कि इस बार यात्रा अनुभव अधिक सुगम और सुरक्षित रहेगा।

Next Story