बिहार

भाकपा (माले) का 11 वां महाधिवेशन पटना में शुरू, मोदी सरकार के विरोध में व्यापक एकता बनाने का संकल्प

Rani Sahu
16 Feb 2023 1:47 PM GMT
भाकपा (माले) का 11 वां महाधिवेशन पटना में शुरू, मोदी सरकार के विरोध में व्यापक एकता बनाने का संकल्प
x
पटना, (आईएएनएस)| भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्‍सवादी - लेनिनवादी) यानी सीपीआई (एमएल) का 11 वां महाधिवेशन गुरुवार को बिहार की राजधानी पटना में शुरू हुआ। इस अधिवेशन में देश और विदेश के वामपंथी नेता शिरकत कर रहे हैं। अधिवेशन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए भाकपा माले के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि आज देश में जन अधिकारों की मांग करने वाले और विरोध की आवाज को बुलंद करने वाले वालों पर लगातार दमन हुआ है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जैसे जैसे मोदी सरकार की सभी मोचरें पर घोर विफलता और विश्वासघात तेजी से उजागर हो रहा है, वैसे-वैसे वह अधिक से अधिक झूठ बोलने और डराने-धमकाने का सहारा ले रही है।
सरकार ने पहले बीबीसी द्वारा बनायी गई डॉक्यूमेंटरी को भारत के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने से रोकने के लिए अपनी आपातकालीन शक्तियों का इस्तेमाल किया, फिर दिल्ली और मुंबई में बीबीसी कार्यालयों पर आयकर विभाग ने छापे मारे।
हिंडनबर्ग रिपोर्ट ने अडानी समूह पर शेयर बाजार में हेरफेर, अकाउन्ट में धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप लगाया, जिससे अदानी के शेयरों की कीमतों में अभूतपूर्व गिरावट आई। इससे अडानी की कुल संपत्ति में भारी गिरावट आई और वह दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में तीसरे स्थान से खिसककर बीसवें स्थान से भी नीचे पहुंच गया।
मोदी सरकार की चुप्पी, जांच कराने से इंकार और भारत की नियामक प्रणाली की विफलता और मोदी और अडानी की सांठगांठ का ही नतीजा है।
उन्होंने कहा कि सरकार कथित तौर पर गरीबों को सस्ता भोजन, सब्सिडी वाला गैस सिलेंडर, पक्का घर जैसी खैरात दे रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद के नाम पर ये सब कर रही है जबकि असलियत में वह राष्ट्रवाद का मखौल बना रही है।
उन्होंने कहा कि अमीर और अमीर बन रहे हैं, गरीब और गरीब होते जा रहे हैं। इसके लिए विपक्ष को एकजुट होना पड़ेगा।
भाकपा माले के राज्य सचिव कुणाल ने अधिवेशन में आए प्रतिनिधियों का स्वागत किया।
नेपाल के नेता ईश्वर पोखरेल ने भारत और नेपाल के बीच संबंधों को प्रगाढ़ बताया। उन्होंने भारत और नेपाल में कम्युनिस्ट आंदोलन को याद किया और कहा कि नेपाली नेताओं ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता ने भी नेपाल के लोकतंत्र आंदोलन के बीच सहयोग किया। साथ ही नेपाल के चुनाव पर चर्चा करते हुए पोखरेल ने कहा कि यह संघर्ष की जीत है।
--आईएएनएस
Next Story