असम

गुवाहाटी में तीन मंदिरों में चोरी, 20 लाख से अधिक का सामान गायब

Admindelhi1
23 Nov 2026 2:48 PM IST
गुवाहाटी में तीन मंदिरों में चोरी, 20 लाख से अधिक का सामान गायब
x
गुवाहाटी में मंदिरों से लाखों की चोरी, जांच में जुटी पुलिस

गुवाहाटी: असम के गुवाहाटी में धार्मिक स्थलों को निशाना बनाकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया है। शहर के बाहरी इलाके जोराबाट स्थित श्री श्री भद्रकालेश्वरी मंदिर सहित शिव और हनुमान मंदिर से चोरों ने लाखों रुपये के चांदी के आभूषण, पूजन सामग्री और नकदी चोरी कर ली। मंदिर संचालन समिति के अनुसार, चोरी हुए सामान और नकदी की कीमत 20 लाख रुपये से अधिक है।

रविवार सुबह जब मंदिर के पुजारी साफ-सफाई करने पहुंचे, तब चोरी की घटना का पता चला। मंदिर के अंदर से कई बहुमूल्य धार्मिक सामग्रियां गायब थीं, जबकि दानपेटियों को भी तोड़ दिया गया था।

मंदिर संचालन समिति के मुताबिक, चोर मां काली की चांदी की पायल, चार थाल, चार कटोरियां और पांच गिलास अपने साथ ले गए। इसके अलावा भगवान शिव की प्रतिमा के ऊपर स्थापित करीब पांच किलोग्राम वजनी चांदी का घड़ा और चांदी का नाग भी चोरी कर लिया गया।

एक ही रात में शिव और हनुमान मंदिर में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। चोरों ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया है।

घटना की सूचना मिलते ही जोराबाट पुलिस की टीम मंदिर परिसर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

मंदिर संचालन समिति ने घटना के संबंध में पुलिस के पास प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान करने और चोरी की सामग्री बरामद करने के प्रयास में जुटी हुई है।

Next Story