असम

राजनाथ सिंह ने कहा- चाहे खेल हो या देश

Sonam
5 Aug 2023 10:19 AM GMT
राजनाथ सिंह ने कहा- चाहे खेल हो या देश
x

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने असम के कोकराझार में 'डूरंड कप 2023 के उद्घाटन समारोह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि खेल हो या समाज हो या देश हो, उसमें नियम बहुत महत्वपूर्ण होते हैं और उन्हें बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सच्चा खिलाड़ी और सच्चा नागरिक वही है जो खेल और समाज के नियमों के अनुसार अपना कर्तव्य निभाए। उन्होंने कहा कि मैंने अभी तक कई लोगों से यह सुन रखा था, कि भारत का पूरा उत्तर पूर्व क्षेत्र, फुटबॉल के प्रति अपने उत्साह के लिए जाना जाता है। लेकिन आज अपनी आंखों के सामने में यह जो दृश्य देख रहा हूँ; डूरंड कप को लेकर आप लोगों के अंदर जो उत्साह देख रहा हूँ; उसने मुझे यह मानने पर मजबूर कर दिया है, कि नॉर्थ-ईस्ट के लोगों के दिलों का रास्ता फुटबॉल से होकर जाता है।

राजनाथ ने कहा कि फुटबॉल जिसे पूरी दुनिया मेंसुन्दर खेल के नाम से जाना जाता है, यह सिर्फ एक खेल नहीं है, बल्कि यह एक भावना भी है। आप लोगों ने महान ब्राज़ीली फुटबॉलर पेले का नाम तो सुना ही होगा। उनसे सम्बंधित एक घटना बड़ा ही चर्चित है। मुझे वह घटना याद आ रहा है जिसकी चर्चा मैं आप लोगों से करना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि 1970 के दशक में नाइजीरिया में गृहयुद्ध छिड़ा हुआ था। उस युद्ध में हजारों लोगों की जानें गई थीं, माहौल एकदम तनावपूर्ण था। पुलिस व नेताओं की कोई भी अपील स्थिति को शांत नहीं कर पा रही थी। लेकिन जब पेले एक दोस्ताना मैच खेलने वहाँ पर पहुँचे, तो बताया जाता है कि 48 घंटे तक पूरे देश में कोई हादसा नहीं हुआ। आप सोच कर देखिये, कि फुटबॉल ने किस तरह एक चमत्कारिक ढंग से स्थिति को सामान्य किया था।

भाजपा नेता ने कहा कि फुटबॉल, लोगों को जोड़ने वाला खेल है; यह शांति का खेल है। यह सिर्फ एक गेम नहीं है, बल्कि गेम से कहीं अधिक बढ़कर है। उन्होंने कहा कि असम ने भी हाल के दिनों में खेलों के क्षेत्र में काफी प्रगति की है। हमने ऐसे अनेक खिलाड़ी देखे हैं, जिन्होंने असम से आगे बढ़ते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। चाहे हमारी महिला अंडर-20 टीम की कैप्टन अपूर्णा नारजरी की बात हो, या फिर अस्मिता चालीहा और हृदय हजारीका जैसे जवाहरात की बात हो, असम ने हमेशा भारतीय फुटबॉल को ऐसे प्रतिभा दिए हैं, जिन्होंने पूरे भारत के लोगों के दिलों में जगह बनाई है।

Sonam

Sonam

    Next Story