असम

गुवाहाटी साहित्य महोत्सव में पद्मश्री रोंगबोंग तेरांग को मिलेगा सम्मान

nidhi
8 Oct 2026 2:07 PM IST
गुवाहाटी साहित्य महोत्सव में पद्मश्री रोंगबोंग तेरांग को मिलेगा सम्मान
x

गुवाहाटी: असम की राजधानी गुवाहाटी में 10 अक्टूबर 2026 को गुवाहाटी साहित्य महोत्सव (GLF) का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम खानापारा के सिक्स माइल स्थित एनआरबी सिटी मॉल की पांचवीं मंजिल पर द बेलासियन में दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। महोत्सव में साहित्यिक चर्चाओं, पुरस्कार वितरण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा।

इस वर्ष महोत्सव का आयोजन नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड (NRL) के सहयोग से किया जा रहा है। महोत्सव के सचिव आबिद आजाद ने बताया कि असम में बाढ़ प्रभावित लोगों की कठिनाइयों को देखते हुए इस बार कार्यक्रम को सीमित स्वरूप में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। कार्यक्रम में लेखक, असम साहित्य सभा के पूर्व अध्यक्ष और राज्य के पूर्व पुलिस महानिदेशक डॉ. कुलधर सैकिया मुख्य अतिथि के रूप में उद्घाटन भाषण देंगे। वरिष्ठ लेखक मयूर बोरा स्वागत भाषण देंगे, जबकि महोत्सव की अध्यक्ष पूरबी बोरा भी संबोधित करेंगी।
महोत्सव में पद्मश्री रोंगबोंग तेरांग को असमिया भाषा और सांस्कृतिक सद्भाव में योगदान के लिए ध्रुपदी असमिया भाषा पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया जाएगा। मूर्तिकार और चित्रकार बीरेन सिंघा को घनश्याम खनिकर कलारत्न पुरस्कार तथा लेखिका शिबानी बोरा को नाथन ब्राउन साहित्य पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए असम के शिक्षक समुदाय को सामूहिक रूप से दधीचि पुरस्कार दिया जाएगा।
कार्यक्रम में 'मानव बनाम एआई: रचनात्मकता और साहित्य का भविष्य' विषय पर विशेष परिचर्चा आयोजित होगी। इसमें साहित्य और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के संबंधों पर विचार रखे जाएंगे। इसके अलावा शिवसागर और चराइदेव जिलों में बाढ़ के बाद पुनर्वास, शिक्षा और सामुदायिक भागीदारी पर भी चर्चा होगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों की नाट्य प्रस्तुति और संगीत का आयोजन किया जाएगा।
Next Story