
Guwahati गुवाहाटी: प्रधानमंत्री मोदी ने आज असम में ब्रह्मपुत्री नदी पर बने कुमार भास्कर वर्मा सेतु पुल का उद्घाटन किया। इस पुल को करीब 3030 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। इस पुल के बनने से गुवाहाटी और नॉर्थ गुवाहाटी के बीच यात्रा का समय कम हो जाएगा। इसे नॉर्थ-ईस्ट राज्यों में बना पहला PSC (प्रेस्ट्रेस्ड कंक्रीट) पुल कहा जा रहा है। पुल का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी कुछ देर इस पर चले। असम के गवर्नर लक्ष्मण प्रसाद आचार्य और CM हिमंत बिस्वा सरमा ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
पुल को भूकंप झेलने के लिए आइसोलेशन टेक्नोलॉजी और फ्रिक्शन पेंडुलम बेयरिंग के साथ बनाया गया है। इससे गुवाहाटी और नॉर्थ गुवाहाटी के बीच यात्रा का समय घटकर सात मिनट रह जाएगा। इसे बनाने में हाई परफॉर्मेंस स्टे केबल का इस्तेमाल किया गया है। एक ब्रिज हेल्थ मॉनिटरिंग सिस्टम भी लगाया गया है। नुकसान का पता लगाने के लिए कई मॉनिटरिंग सिस्टम भी लगाए गए हैं।





