
x
असम: असम के काजीरंगा में हुए एक भीषण सड़क हादसे, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई थी, उसमें शामिल मिनी-बस के मालिक को बोकाखाट पुलिस ने 15 नवंबर की शाम को नागांव जिले से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी, अंजीर अली को तब गिरफ्तार किया गया जब वाहन से जुड़े कई कथित ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन और सुरक्षा खामियों की जांच चल रही थी।
जांचकर्ताओं को शक है कि वाहन के अनिवार्य स्पीड-कंट्रोल सिस्टम (गति नियंत्रित करने वाले तंत्र) के साथ मालिक और ड्राइवर ने छेड़छाड़ की थी, ताकि बस ज्यादा चक्कर लगा सके और ज्यादा किराया कमा सके।
बताया जा रहा है कि हादसे से पहले भी इस मिनी-बस पर कई बार तेज रफ्तार से चलने के मामले सामने आए थे। 3 मार्च को जोरहाट में, 102 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने के आरोप में इस पर 4,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया था। काजीरंगा इलाके में भी इस पर तेज रफ्तार से चलने के कई चालान काटे जा चुके थे।
इस वाहन पर पहले से ही 12 ट्रैफिक चालान थे, जिनकी कुल रकम 38,500 रुपये थी और इनका भुगतान किया जा चुका था, जबकि 4,000 रुपये का एक और जुर्माना अभी भी बकाया था।
गोलाघाट के सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP) स्वप्ननील डेका ने पहले बताया था कि मिनी-बस बहुत तेज रफ्तार में थी और उसने काजीरंगा नेशनल पार्क के पास लागू प्रतिबंधों का उल्लंघन किया था। पुलिस को शक है कि एक कंटेनर ट्रक से टकराने से पहले ड्राइवर ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया था।
डेका ने बताया कि 4,000 रुपये का जो जुर्माना बकाया था, वह असम में किसी कमर्शियल वाहन (व्यावसायिक वाहन) द्वारा तेज रफ्तार से चलने पर लगने वाला जुर्माना है।
Next Story





