असम

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व पर भूमिहीनों की 18 एकड़ जमीन हड़पने का आरोप, कांग्रेस ने की इस्तीफे की मांग

Kunti Dhruw
19 Dec 2021 5:51 PM GMT
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व पर भूमिहीनों की 18 एकड़ जमीन हड़पने का आरोप, कांग्रेस ने की इस्तीफे की मांग
x
कांग्रेस ने रविवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा व उनके परिवार पर भूमिहीनों की 18 एकड़ जमीन हड़पने का आरोप लगाया।

कांग्रेस ने रविवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा व उनके परिवार पर भूमिहीनों की 18 एकड़ जमीन हड़पने का आरोप लगाया। पार्टी ने सरमा से तत्काल इस्तीफा देने की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में विशेष जांच दल से जांच कराने का आग्रह किया।

कांग्रेस नेता जितेंद्र सिंह, गौरव गोगाई व गौरव वल्लभ द्वारा रविवार को दिल्ली में आयोजित साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरमा ने अपने पद का दुरुपयोग किया और भूमिहीनों की जमीन का वर्ष 2006 से 2009 के बीच आरबीएस रियल्टर्स को अवैध रूप से हस्तांतरित कर दी। सरमा तब तत्कालीन कांग्रेस सरकार में ताकतवर मंत्री थे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के सांसद रिपुन बोरा व अब्दुल खलीक भी मौजूद थे। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भूमिहीनों की जमीन हड़पकर भू-माफिया की मदद कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वे यह मामला संसद से लेकर सड़क तक उठाएंगे। वल्लभ ने मांग की कि सीएम हिमंत सरमा को तत्काल पद से हटाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक मुख्यमंत्री, जिसका परिवार जमीन हड़पने में सीधे तौर पर शामिल है, उसे पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।
कांग्रेस नेता वल्लभ व सिंह ने आरोप लगाया कि असम के मुख्यमंत्री एक तरफ गरीब और वंचित परिवारों को इस आधार पर बेदखल कर मनमानी कर रहे हैं कि किसी को भी सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने का अधिकार नहीं है, लेकिन खुद ने करोड़ों की जमीन अपने परिवार के सदस्यों को सौंप दी है। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि स्वतंत्र जांच के अनुसार सरमा की पत्नी रिंकी भुयन सरमा आरबीएस रियल्टर्स की सह संस्थापक हैं। कंपनी ने भूमिहीनों की कथित तौर पर 18 एकड़ सरकारी जमीन हड़प ली है।

आरोपों पर सरमा या भाजपा की प्रतिक्रिया नहीं मिली
कांग्रेस के आरोपों पर मुख्यमंत्री सरमा या उनके परिवार या भाजपा की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
Next Story