असम

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा

Admin Delhi 1
18 Jun 2022 12:44 PM GMT
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा
x

असम न्यूज़ अपडेट: असम में लगातार हो रही बरसात के चलते राज्य के 28 जिलों में बाढ़ के चलते जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। राज्य में बाढ़ की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इस बीच शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कामरूप और दरंग जिला के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने आज कामरूप जिला के बाढ़ प्रभावित रंगिया रेवेन्यू सर्किल का दौरा कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और बाढ़ प्रभावित कलाजल क्षेत्र का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने बारिश और खराब मौसम के बीच कलाजल क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बनाये गये तीन अस्थायी राहत शिविरों में पहुंचकर वहां शरण लेने वाले बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत की। उन्होंने प्रभावितों से खाद्य सामग्री समेत अन्य सुविधाओं के बारे में भी पूछा।

मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार बाढ़ पीड़ितों के राहत व पुनर्वास व्यवस्था और अनुदान के साथ सभी प्रकार की सहायता देगी। मुख्यमंत्री रंगिया के फातिमा कॉन्वेंट स्कूल पहुंचे जहां अस्थायी आश्रय शिविर बनाया गया है। शिविर में रंगिया शहर के 94 बाढ़ पीड़ितों ने शरण ले रखी है। बाढ़ पीड़ितों के साथ मुख्यमंत्री ने बातचीत की। डॉ. सरमा ने कामरूप के जिला उपायुक्त और रंगिया रेवेन्यू सर्किल अधिकारी को निर्देश दिए कि शिविर में भोजन, पेयजल, चिकित्सा देखभाल और विशेष रूप से सफाई का ध्यान रखा जाए। बाढ़ प्रभावित लोगों को प्रभावित इलाकों से अतिशीघ्र निकालकर उन्हें राहत शिविरों में रखा जाए। मुख्यमंत्री ने रंगिया शहर के कई बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थानीय लोगों की दुर्दशा का जायजा लिया। इस बीच मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने आज दरंग जिला में दीपिला के पास नदी के किनारे टूटे तटबंध का भी दौरा किया। तटबंध टूटने से आई बाढ़ से प्रभावितों की स्थिति को लेकर उन्होंने जल संसाधन विभाग द्वारा जन पीड़ा के प्रभाव को कम करने को लेकर बातचीत की। मुख्यमंत्री ने विभाग के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थिति सामान्य होने पर टूटे तटबंध के हिस्से को तुरंत ठीक किया जाए। उन्होंने बाढ़ प्रभावित स्थानीय लोगों से भी बातचीत की।

क्षेत्र में मौजूद निर्वाचन क्षेत्र के विधायक परमानंद राजवंशी को उन लोगों की सूची तैयार करने को कहा गया है, जिनके घर बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हो गए हैं ताकि सरकार उनकी मदद कर सके। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भवेश कलिता, सांसद दिलीप सैकिया और पूर्व विधायक गुरुज्योति दास भी मौजूद थे।

Next Story