असम

सीमा पर फिर बढ़ा तनाव: असम में पुलिस चौकी पर बम विस्फोट के बाद मिजोरम पुलिस का जवान गिरफ्तार

Kunti Dhruw
31 Oct 2021 4:06 PM GMT
सीमा पर फिर बढ़ा तनाव: असम में पुलिस चौकी पर बम विस्फोट के बाद मिजोरम पुलिस का जवान गिरफ्तार
x
असम के मिजोरम की सीमा से लगते हेलाकांडी जिले में शुक्रवार तड़के डेढ़ बजे एक पुलिस चौकी के निकट बम विस्फोट हुआ।

गुवाहाटी। असम के मिजोरम की सीमा से लगते हेलाकांडी जिले में शुक्रवार तड़के डेढ़ बजे एक पुलिस चौकी के निकट बम विस्फोट हुआ। मामले में शक के आधार पर मिजोरम के एक पुलिसकर्मी को गिरफ्तार किया गया है। इस घटनाक्रम के बाद सीमा पर तनाव फिर से बढ़ गया है। बता दें कि यह विस्फोट असम पुलिस द्वारा असम की ओर कचुरथल इलाके में एक पुल के निर्माण पर आपत्ति जताए जाने के दो दिन बाद हुआ।

मिजोरम पुलिस का संदिग्ध जवान हिरासत में
हेलाकांडी के पुलिस अधीक्षक गौरव उपाध्याय ने बताया कि विस्फोट कम तीव्रता का था। तब पुलिस चौकी में सात जवान तैनात थे। विस्फोट के बाद इलाके को घेर लिया गया और जांच शुरू कर दी गई। सुबह हुई तो वहां मिजोरम पुलिस की आइआरबी (इंडियन रिजर्व बटालियन) का जवान इलाके में घूमता पाया गया। उससे पूछताछ की गई तो वह अपनी मौजूदगी के बारे में कुछ नहीं बता सका। शक के आधार पर उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जुलाई में दोनों राज्यों के बीच हुआ था संघर्ष
इसी साल जुलाई में दोनों राज्यों की पुलिस के बीच सीमा विवाद को लेकर संघर्ष हुआ था, जिसमें असम पुलिस के छह जवानों समेत सात लोगों की मौत हो गई थी। इस हिंसक झड़प के बाद करीब दो सप्ताह तक आर्थिक नाकेबंदी रही थी। इसके कारण मिजोरम जाने वाले सैकड़ों मालवाहक वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग 306 पर फंस गए थे। 5 अगस्त को मिजोरम ने 5 अगस्त को आइजोल में एक महत्वपूर्ण मंत्रिस्तरीय मीटिंग की थी। इसमें उन्होंने अपनी सीमा पर शांति बनाए रखने का फैसला किया था और इस बात पर सहमत हुए थे कि वे अपने संबंधित बलों और अधिकारियों को अशांत क्षेत्रों में नहीं भेजेंगे।
उल्लेखनीय है कि बराक घाटी के रूप में जाने जाने वाले असम के तीन दक्षिणी जिले- हैलाकांडी, करीमगंज और कछार और मिजोरम के ममित, कोलासिब और आइजोल जिलों के साथ 165 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करते हैं, जिसमें पांच से अधिक हिस्सों में विवाद हैं।


Next Story