- Home
- /
- राज्य
- /
- अरुणाचल प्रदेश
- /
- सुबनसिरी लोअर हाइड्रो...
सुबनसिरी लोअर हाइड्रो प्रोजेक्ट की चौथी यूनिट चालू, 1000 MW क्षमता हुई सक्रिय

Arunachal Pradesh अरुणाचल प्रदेश: NHPC लिमिटेड ने 2,000 मेगावाट क्षमता वाले सुबनसिरी लोअर हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट (SLHEP) की एक और यूनिट को चालू कर दिया है। चौथी यूनिट के शुरू होने के साथ इस परियोजना की ऑपरेशनल क्षमता बढ़कर 1,000 मेगावाट हो गई है।
कंपनी द्वारा जारी बयान के अनुसार, असम और अरुणाचल प्रदेश की सीमा पर स्थित इस प्रमुख जलविद्युत परियोजना की 250 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट-4 ने 8 मई की आधी रात से कमर्शियल ऑपरेशन शुरू कर दिया है। इसके साथ ही परियोजना की कुल आठ में से चार जनरेटिंग यूनिट अब सक्रिय हो चुकी हैं।
इससे पहले यूनिट-2 दिसंबर 2025 में, यूनिट-3 फरवरी 2026 में और यूनिट-1 मार्च 2026 में चालू की गई थी। अब यूनिट-4 के जुड़ने के बाद परियोजना का आधा हिस्सा उत्पादन में शामिल हो गया है।
NHPC ने जानकारी दी है कि शेष चार यूनिट्स को भी 2026 के अंत तक चरणबद्ध तरीके से चालू करने की योजना है। सभी यूनिट्स के पूरी तरह चालू होने के बाद यह परियोजना पूर्ण क्षमता पर काम करेगी।
सुबनसिरी नदी पर बन रहा यह हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट देश के सबसे बड़े जलविद्युत परियोजनाओं में से एक माना जाता है। पूरी क्षमता पर संचालन शुरू होने के बाद यह परियोजना हर साल लगभग 7,421 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन करेगी।
सरकारी पावर उत्पादक कंपनी NHPC के अनुसार, यह परियोजना देश की पीक बिजली मांग को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके साथ ही यह ग्रिड स्थिरता को मजबूत करने और राष्ट्रीय ग्रिड में नवीकरणीय ऊर्जा के बेहतर एकीकरण में भी मदद करेगी।
ऊर्जा क्षेत्र के विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना पूर्वोत्तर भारत की ऊर्जा क्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास को भी गति देगी। साथ ही इससे स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा।
फिलहाल परियोजना के बाकी हिस्सों पर काम तेजी से जारी है और उम्मीद है कि अगले चरणों में अन्य यूनिट्स भी समय पर चालू हो जाएंगी।





