अरुणाचल प्रदेश

भारतीय सेना के तत्वावधान में आयोजित फिट इंडिया 50 ट्रांस हिमालयन अभियान को पंगसाउ दर्रे से किया रवाना

Ritisha Jaiswal
13 March 2022 4:07 PM GMT
भारतीय सेना के तत्वावधान में आयोजित फिट इंडिया 50 ट्रांस हिमालयन अभियान को पंगसाउ दर्रे से किया रवाना
x
भारतीय सेना के तत्वावधान में आयोजित फिट इंडिया 50 ट्रांस हिमालयन अभियान को शनिवार, 12 मार्च को अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में स्थित पंगसाउ दर्रे से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया

भारतीय सेना के तत्वावधान में आयोजित फिट इंडिया 50 ट्रांस हिमालयन अभियान को शनिवार, 12 मार्च को अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में स्थित पंगसाउ दर्रे से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। पद्म भूषण बछेंद्री पाल के नेतृत्व में 12 सदस्यीय अनुभवी पर्वतारोही इस अभियान का हिस्सा हैं, जिसमें सभी महिलाएं हैं। कोलकाता में सेना के पूर्वी कमान मुख्यालय की ओर से जारी एक बयान में बताया गया कि फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आयोजित इस अभियान का उद्देश्य युवा पीढ़ी के बीच शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देना है। यहां एक सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि पंगसाऊ दर्रे से झंडी दिखाकर रवाना किया गया यह हिमालयन अभियान लद्दाख में समाप्त होगा और इसमें शामिल महिला दल देशभर में लगभग 4,977 किलोमीटर की लंबी दूरी तय करेगी।

भारतीय सेना अभियान के दौरान प्रतिभागियों को आवास, चिकित्सा और सुरक्षा कवर के साथ सभी प्रकार की सहायता प्रदान करेगी। प्रवक्ता ने बताया कि अभियान के 12 सदस्यीय दस्ते अनुभवी पर्वतारोही हैं जो मां, दादी और गृहिणी भी हैं। वहीं, इस अभियान को हरी झंडी दिखाने के अवसर पर समारोह में स्थानीय लोगों की बढ़ चढ़कर भागीदारी देखी गई और उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। साथ ही शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने का संकल्प लिया।
बता दें कि फिट इंडिया मूवमेंट के तहत भारतीय सेना युवा पीढ़ी के बीच शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देने व उन्हें जागरूक करने के लिए समय-समय पर कई प्रकार के अभियान चलाती रहती है। इसी क्रम में अब अपनी तरह का एक अलग ट्रांस हिमालयन अभियान शुरू किया है, जो 4,977 किलोमीटर लंबी दूरी तय करेगी। इस अभियान के दौरान इसमें हिस्सा ले रही महिला दल का भारतीय सेना की ओर से जगह-जगह स्वागत किया जाएगा। महिला पर्वतारोहियों के दल में शामिल सदस्य रास्ते में विभिन्न जगहों पर युवा पीढ़ी से भी बातचीत करेंगे और उन्हें इस अभियान के उद्देश्य से अवगत कराने के साथ फिटनेस के प्रति जागरूक करेंगे।


Next Story