अरुणाचल प्रदेश

अरुणाचल में SIR के बाद 1.91 लाख मतदाता घटे अंतिम सूची जारी

nidhi
23 Sept 2026 1:33 PM IST
अरुणाचल में SIR के बाद 1.91 लाख मतदाता घटे अंतिम सूची जारी
x
नई वोटर लिस्ट में 6.96 लाख मतदाता
ईटानगर: अरुणाचल प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। राज्य में अब कुल 6,96,026 मतदाता दर्ज हैं। SIR शुरू होने से पहले मतदाताओं की संख्या 8,87,505 थी। इस तरह अंतिम सूची में पहले के मुकाबले 1,91,479 मतदाता कम हैं। अंतिम मतदाता सूची 22 सितंबर 2026 को प्रकाशित की गई।
महिला मतदाताओं की संख्या ज्यादा
अंतिम सूची में 3,43,709 पुरुष, 3,52,315 महिला और दो थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। यानी राज्य में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से अधिक है। चुनाव अधिकारियों के अनुसार मतदाता सूची में प्रति 1,000 पुरुषों पर 1,025 महिलाएं दर्ज हैं।
5 जून से शुरू हुआ था SIR
अरुणाचल प्रदेश में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण 5 जून 2026 से शुरू हुआ था। इसके बाद 21 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की गई, जिसमें कुल 7,18,046 मतदाता शामिल थे। इनमें 6,32,871 मतदाताओं की मैपिंग स्वयं या पूर्व मतदाता की संतान के रूप में हुई थी, जबकि 85,175 मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो पाई थी। सत्यापन प्रक्रिया के दौरान इन मतदाताओं के अलावा तार्किक विसंगतियों वाले 1,33,413 मतदाताओं को भी नोटिस जारी किए गए। अधिकारियों के अनुसार नोटिस चरण में कुल 2,18,588 नोटिस जारी हुए। इसके बाद दस्तावेजों की जांच और सुनवाई की प्रक्रिया पूरी की गई।
दावे और आपत्तियों के दौरान आए 18,598 फॉर्म
21 जुलाई से 20 अगस्त तक चले दावे और आपत्तियों के चरण में कुल 18,598 फॉर्म प्राप्त हुए। इस प्रक्रिया के दौरान ड्राफ्ट सूची में 8,803 मतदाताओं को जोड़ा गया, जबकि 1,924 नाम हटाए गए। इन प्रक्रियाओं के बाद अंतिम मतदाता संख्या 6,96,026 दर्ज हुई।
नाम नहीं है तो कर सकते हैं अपील
अंतिम मतदाता सूची से प्रभावित मतदाताओं के लिए अपील का विकल्प भी उपलब्ध है। कोई मतदाता अंतिम सूची के प्रकाशन के 15 दिनों के भीतर जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष अपील कर सकता है। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के खिलाफ मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पास 30 दिनों के भीतर दूसरी अपील की जा सकती है। इसके अलावा राज्य में सेवा मतदाताओं की अंतिम सूची भी प्रकाशित की गई है, जिसमें 5,552 सर्विस वोटर्स दर्ज हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर SIR 2026 की अंतिम मतदाता सूची उपलब्ध कराई गई है।
Next Story