अरुणाचल प्रदेश

अरुणचाल न्यूज: मास्को से गोल्ड मेडल जीत लाई कश्मीर की ये लड़की

Gulabi
27 Feb 2022 10:17 AM GMT
अरुणचाल न्यूज: मास्को से गोल्ड मेडल जीत लाई कश्मीर की ये लड़की
x
अरुणचाल न्यूज
नई दिल्ली/ईटानगर। इस समय रूस यूक्रेन पर जमकर गोलियां और बम बरसा रहा है जिसकी वजह से वहां के लोगों का हाल बुरा हो चुका है। लेकिन इसी बीच कश्मीर की एक लड़की ने बड़ा कारनामा करते हुए हुए पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन किया है। यह लड़की भारत की वुशु खिलाड़ी सादिया तारिक (Sadia Tariq) है। इन्होंने मॉस्को में चल रहे वुशु स्टार्स चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीत लिया है। श्रीनगर की रहने वाली 15 साल की सादिया पिछले दो साल से जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडलिस्ट रही हैं। सादिया ने फाइनल मुकाबले में रूसी खिलाड़ी को हराया है। बता दें कि इस चैंपियनशिप में जूनियर और सीनियर दोनों श्रेणी के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। यह आयोजन रूस की राजधानी में 22 से 28 फरवरी तक होगा।

सादिया तारिक को मिली इस शानदार जीत पर कानून और न्याय मंत्री किरेन रिजिजू ने बधाई दी है। रिजिजू ने अपने ट्वीट में लिखा, 'सादिया तारिक को शानदार प्रदर्शन और मॉस्को वुशु स्टार्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई। उन्होंने भारत को गौरवान्वित किया! कश्मीर की सादिया तारिक दो बार की जूनियर नेशनल वुशु चैंपियन थीं!'
बता दें कि इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सादिया को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी। पीएम मोदी ने ट्विटर पर लिखा, 'मास्को वुशु स्टार्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर सादिया तारिक को बधाई। उनकी सफलता कई नवोदित एथलीटों को प्रेरित करेगी। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं।'
पूर्व खेल मंत्री और 2004 एथेंस ओलिंपिक में सिल्वर मेडल जीतने वाले राजवर्धन सिंह राठौर ने भी तारिक को बधाई दी। उन्होंने लिखा, मास्को वुशु स्टार्स चैंपियनशिप में गोल्ड जीतने पर सादिया तारिक को बधाई। भारत की बेटियां चमकती रहती हैं।
Next Story