आंध्र प्रदेश

VSP हादसा: NHRC ने मज़दूरों की मौत का स्वतः संज्ञान लिया

Tulsi Rao
11 Jun 2026 2:15 PM IST
VSP हादसा: NHRC ने मज़दूरों की मौत का स्वतः संज्ञान लिया
x

नई दिल्ली: भारत के राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने एक मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है, जिसमें बताया गया है कि 8 जून 2026 को आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में हुए एक धमाके में नौ कर्मचारियों की मौत हो गई और कम से कम छह अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।

खबरों के अनुसार, कर्मचारी यूनियन ने आरोप लगाया है कि प्रबंधन ने सुरक्षा नियमों की अनदेखी की। आयोग ने आंध्र प्रदेश के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। NHRC ने कहा कि रिपोर्ट में घायल कर्मचारियों के स्वास्थ्य की स्थिति और पीड़ितों तथा मृतकों के परिजनों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि (ex-gratia) के भुगतान का विवरण शामिल होना चाहिए।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यह घटना प्लांट की 'स्टील मेल्टिंग शॉप' में हुई, जब लगभग 1600°C तापमान वाले करीब 150 टन तरल स्टील को ले जा रही एक लैडल (बड़ी कड़ाही) में अचानक धमाका हो गया और पिघला हुआ स्टील शॉप फ्लोर पर फैल गया, जिससे कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए।

इस बीच, गुरुवार सुबह प्लांट के स्टील मेल्टिंग शॉप-1 (SMS-1) सेक्शन में आर्गन रिंसिंग स्टेशन पर लैडल से पिघला हुआ स्टील गिरने की एक और घटना से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था।

Next Story