आंध्र प्रदेश

नाबालिग का यौन शोषण करने के आरोप में टीडीपी नेता सस्पेंड

Deepa Sahu
30 Jan 2022 6:42 PM GMT
नाबालिग का यौन शोषण करने के आरोप में टीडीपी नेता सस्पेंड
x
आंध्र प्रदेश में तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के नेता विनोद कुमार जैन पर नाबालिग बच्ची का यौन शोषण करने का आरोप लगा है।

आंध्र प्रदेश में तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के नेता विनोद कुमार जैन पर नाबालिग बच्ची का यौन शोषण करने का आरोप लगा है। इस बच्ची ने शनिवार को अपने घर की इमारत की पांचवीं मंजिल से कूद कर जान दे दी थी। बच्ची ने अपने सुसाइड नोट में इसके लिए विनोद जैन को जिम्मेदार बताया था। यह मामला सामने आने के बाद रविवार को पार्टी ने विनोद जैन को निलंबित कर दिया। दूसरी ओर पुलिस ने भी जैन के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

टीडीपी विजयवाड़ा संसदीय क्षेत्र के अध्यक्ष नेत्तम रघुराम ने 37वें वार्ड में पार्टी ने नेता विनोद जैन को इन गंभीर आरोपों के बाद पार्टी से निलंबित कर दिया है। यह जानकारी टीडीपी की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में दी गई। उधर, पश्चिम जोन के एसीपी (सहायक पुलिस आयुक्त) के हनुमंता राव ने कहा कि नाबालिग और जैन एक ही इमारत में रहते थे। बच्ची ने अपने सुसाइड नोट में विनोद जैन द्वारा यौन उत्पीड़न किए जाने के चलते यह कदम उठाने की बात लिखी है।
विनोद जैन फिलहाल फरार चल रहा है। राव ने कहा कि हम आरोपी विनोद जैन की तलाश कर रहे हैं। उसने हाल ही में हुए चुनाव में 37वें वार्ड से पार्षद के रूप में चुनाव लड़ा था। प्रदेश के राजस्व मंत्री वेल्लमपल्ली श्रीनिवास ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि टीडीपी नेता विनोद जैन ने नाबालिग के साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने नाबालिग के परिजनों को आश्वासन किया कि जैन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और न्याय दिलाना सुनिश्चित किया जाएगा।
Next Story