- Home
- /
- राज्य
- /
- आंध्र प्रदेश
- /
- तिरुपति मंदिर में 207...
आंध्र प्रदेश
तिरुपति मंदिर में 207 करोड़ का महादान, श्रद्धालु ने चढ़ाया 121 किलो सोना
Rajeshwari Nishad
26 Nov 2026 5:55 PM IST

x
तिरुपति। आंध्र प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध तिरुमला मंदिर में गुरुवार को आस्था, भक्ति और समर्पण का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। चेन्नई के उद्योगपति एवं समाजसेवी वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी को 121 किलोग्राम सोने से बने आभूषण भेंट किए हैं। इन स्वर्ण आभूषणों की कीमत करीब 207.6 करोड़ रुपये बताई गई है। इसे तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के इतिहास के सबसे बड़े और विशेष दानों में से एक माना जा रहा है। इतनी बड़ी धनराशि के आभूषण दान किए जाने के बाद देशभर में इस समाजसेवी दंपति की चर्चा हो रही है।
भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के प्रति देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु तिरुमला मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन करते हैं और अपनी श्रद्धा तथा सामर्थ्य के अनुसार दान देते हैं। हालांकि, वर्धमान जैन और राधिका जैन की ओर से किया गया यह स्वर्ण आभूषण दान अपने वजन और आर्थिक मूल्य के कारण विशेष चर्चा में है।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में किया गया दान
तिरुमला तिरुपति देवस्थानम की आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, गुरुवार 26 नवंबर 2026 को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में जैन दंपति ने भगवान वेंकटेश्वर स्वामी को आभूषण समर्पित किए। मुख्यमंत्री ने भगवान के दर्शन करने के बाद दानदाता दंपति और उनके परिवार के सदस्यों के साथ रंगनायकुल मंडपम में रखे गए स्वर्ण आभूषणों को देखा। उन्होंने दंपति की उदारता की सराहना भी की।इसके बाद जैन परिवार के सदस्यों ने पारंपरिक धार्मिक विधि के अनुसार आभूषण भगवान के चरणों में समर्पित किए और पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर टीटीडी और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
33 प्रकार के 46 आभूषण किए गए तैयार
टीटीडी के मुताबिक, दान में दिए गए 121 किलोग्राम शुद्ध सोने में से 106 किलोग्राम सोने का इस्तेमाल तिरुमला मंदिर के लिए 33 प्रकार के 46 आभूषण तैयार करने में किया गया है। शेष 15 किलोग्राम सोने का उपयोग तिरुचानूर स्थित श्री पद्मावती अम्मावारी मंदिर के लिए स्वर्ण वस्त्र तैयार करने में किया जाएगा।भगवान को समर्पित आभूषणों में स्वर्ण मुकुट, हार, कंगन, चरण कवच, करधनी, बाजूबंद, शंख कवच और चक्र कवच सहित कई पारंपरिक आभूषण शामिल हैं। इनका निर्माण मंदिर की धार्मिक आवश्यकताओं के अनुरूप किया गया है।
सोने के साथ हीरे और बहुमूल्य रत्न भी शामिल
दान किए गए आभूषणों में 238.2 कैरेट हीरे, 2,247.7 कैरेट बहुमूल्य रत्न, नीलम, पुखराज, माणिक और पन्ने भी शामिल हैं। आभूषणों के निर्माण शुल्क सहित कुल मूल्य 207.6 करोड़ रुपये आंका गया है।
कौन हैं वर्धमान जैन और राधिका जैन?
वर्धमान जैन चेन्नई के प्रसिद्ध उद्योगपति और समाजसेवी हैं। वह स्वास्थ्य सेवा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में काम करने वाली कंपनी एक्सेस हेल्थकेयर के सह-संस्थापक हैं। कारोबारी जगत के साथ धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों में भी उनका योगदान रहा है।वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के प्रति श्रद्धा रखते हैं। इससे पहले भी वर्धमान जैन तिरुमला तिरुपति देवस्थानम से जुड़े विभिन्न कार्यों में आर्थिक सहयोग कर चुके हैं।मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, उन्होंने मंदिर प्रशासन को इलेक्ट्रिक बसें दान करने की पहल की थी। इसके अलावा श्री वेंकटेश्वर भक्ति चैनल के लिए सात करोड़ रुपये का योगदान भी दिया था।
दानदाता की पहचान को लेकर बना हुआ था सस्पेंस
तिरुमला मंदिर में 121 किलोग्राम सोना दान किए जाने की खबर पिछले कई दिनों से चर्चा में थी। हालांकि, शुरुआती जानकारी में दानदाता का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया था। उस समय आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 160 करोड़ रुपये बताई गई थी।गुरुवार को दान की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंदिर प्रशासन ने इसकी विस्तृत जानकारी जारी की। टीटीडी ने आभूषणों का कुल मूल्य निर्माण शुल्क सहित 207.6 करोड़ रुपये बताया है। इसके साथ ही दानदाता के रूप में वर्धमान जैन और राधिका जैन की पहचान भी सामने आ गई है।
देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है तिरुमला मंदिर
आंध्र प्रदेश की तिरुमला पहाड़ियों पर स्थित भगवान वेंकटेश्वर स्वामी का मंदिर देश के प्रमुख हिंदू तीर्थस्थलों में शामिल है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान वेंकटेश्वर भगवान विष्णु के स्वरूप हैं। श्रद्धालु उन्हें तिरुपति बालाजी और श्रीनिवास के नाम से भी पुकारते हैं।
मंदिर में श्रद्धालु अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार नकदी, सोना, चांदी और अन्य बहुमूल्य वस्तुएं भेंट करते हैं। मंदिर का संचालन तिरुमला तिरुपति देवस्थानम द्वारा किया जाता है। यह संस्था धार्मिक आयोजनों के साथ अन्नदान, शिक्षा, स्वास्थ्य और समाजसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम भी संचालित करती है।वर्धमान जैन और राधिका जैन द्वारा किया गया यह महादान तिरुमला मंदिर के इतिहास में एक विशेष अवसर के रूप में दर्ज हुआ है। भगवान वेंकटेश्वर स्वामी को समर्पित इन बहुमूल्य आभूषणों का इस्तेमाल मंदिर की धार्मिक परंपराओं और आवश्यकताओं के अनुरूप किया जाएगा।
Next Story





