
Andhra Pradesh: चक्रवात मोंथा के कारण आंध्र प्रदेश सहित कई राज्यों में भारी नुकसान हुआ है। आंध्र प्रदेश में दो और लोगों की मौत हो गई, जबकि डेढ़ लाख एकड़ में खड़ी फसल बर्बाद हो गई। चक्रवात का असर तेलंगाना, ओडिशा और पश्चिम बंगाल सहित कुछ अन्य राज्यों पर भी पड़ा। मोंथा मंगलवार देर रात आंध्र के तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ गया। लेकिन उससे पहले भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए, मकान ढह गए और सड़कों पर पानी भर गया।
चक्रवात मंगलवार मध्य रात्रि को आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ गया। मोन्था, जिसका अर्थ खुशबूदार फूल होता है, मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात को पश्चिमी गोदावरी जिले के नरसापुर के पास आंध्र प्रदेश के तट को पार कर गया।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने तूफान से प्रभावित जिलों का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने कहा कि सतर्कता बरतने के कारण कम नुकसान हुआ। उन्होंने सबसे ज्यादा प्रभावित कोनासीमा जिले के गांवों में राहत शिविरों का भी दौरा किया और वहां प्रत्येक परिवार को 25 किलो चावल, अन्य जरूरी वस्तुएं और 3,000 रुपये नकद दिए।





