- Home
- /
- राज्य
- /
- आंध्र प्रदेश
- /
- आंध्र प्रदेश को बड़ी...
आंध्र प्रदेश को बड़ी सौगात, 2026-27 के लिए 424 अतिरिक्त पीजी मेडिकल सीटें मंजूर

विजयवाड़ा। आंध्र प्रदेश में मेडिकल की पोस्ट ग्रेजुएशन पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए राज्य को 424 अतिरिक्त पीजी मेडिकल सीटों की मंजूरी दी है। इसके बाद राज्य में पीजी मेडिकल सीटों की कुल संख्या 3,772 से बढ़कर 4,196 हो गई है।
नई सीटों में 162 सरकारी मेडिकल कॉलेजों और 262 निजी मेडिकल कॉलेजों को आवंटित की गई हैं। सरकारी कॉलेजों में सीटों की संख्या 1,915 से बढ़कर 2,077 हो गई है, जबकि निजी कॉलेजों में सीटें 1,857 से बढ़कर 2,119 पहुंच गई हैं।
सरकारी मेडिकल कॉलेजों में विजयनगरम के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज को सबसे अधिक 28 अतिरिक्त सीटें मिली हैं। वहीं निजी संस्थानों में कोनसीमा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज को सर्वाधिक 59 सीटें आवंटित की गई हैं।
डॉ. एनटीआर यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज के कुलपति डॉ. पी. चंद्रशेखर ने मेडिकल शिक्षा के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और स्वास्थ्य मंत्री सत्य कुमार यादव का आभार व्यक्त किया है।
अतिरिक्त सीटों को नवंबर के तीसरे सप्ताह में प्रस्तावित दूसरे चरण की काउंसलिंग में शामिल किया जाएगा। अभ्यर्थियों को कॉलेजवार सीटों, पात्रता और प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक अधिसूचनाएं देखने की सलाह दी गई है।





