आंध्र प्रदेश

देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से आंध्र प्रदेश जुड़ेगा, गोंदिया उड़ान का होगा विस्तार

Kunti Dhruw
18 March 2022 12:32 PM GMT
देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से आंध्र प्रदेश जुड़ेगा, गोंदिया उड़ान का होगा विस्तार
x
देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से जल्द ही आंध्रप्रदेश भी जुड़ जाएगा।

इंदौर, देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से जल्द ही आंध्रप्रदेश भी जुड़ जाएगा। निजी उड़ान कंपनी फ्लायबिग अब आंध्रप्रदेश के कुन्नुर के लिए उड़ान सुविधा देगी। दरअसल बीते सप्ताह जिस गोंदिया-हैदराबाद उड़ान को शुरू किया गया था। कंपनी अब इसका विस्तार कुन्नुर तक करने जा रही हैं। इंदौर से आंधप्रदेश के लिए पहली उड़ान होगी। कंपनी जल्द ही इसकी बुकिंग शुरू करेगी। वहीं अगले सप्ताह तक अंतिम समर शेड्यूल भी आ जाएगा। उम्मीद की जा रही है इसमें इंदौर से उड़ानों का आंकड़ा 100 तक पहुंच जाएगा। अभी इंदौर से हर दिन 66 उड़ानों का संचालन किया जाता है।

फ्लायबिग के सेल्स हेड तारिक अब्बासी ने बताया कि इंदौर से गोंदिया उड़ान को यात्रियों को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। इंदौर से गोंदिया जाकर विमान हैदराबाद जाता है। अब हम इसका विस्तार आंध्रप्रदेश के कुन्नुर तक करने जा रहे है। इसके अलावा मध्यप्रदेश के कुछ शहरों के लिए भी सीधी उड़ान सेवा शुरू करने जा रहे है। अभी इसका शेड्यूल तय किया जा रहा है। इसके बाद डीजीसीए से अनुमति लेकर इसका संचालन किया जाएगा। अब्बासी ने बताया कि इंदौर से अभी आंध्रप्रदेश के लिए कोई कनेक्शन नहीं है। यह पहली उड़ान है, जो इंदौर को आंधप्रदेश को जोड़ देगी।
उड़ानों की शतक की उम्मीद
ट्रेवल एजेंटों के अनुसार इस माह के अंत से इंडिगो जम्मू के लिए उड़ान शुरू हो रही है। इसके अलावा यात्रियों की संख्या बढ़ने पर हमें उम्मीद है कि दिल्ली, मुंबई, बैंगलुरू और गोवा जैसे सेक्टर के लिए उड़ान कंपनियां अपनी उड़ानों की संख्या बढ़ा सकती है। दो माह पहले आए प्रस्तावित समर शेड्यूल में इंदौर से 95 उड़ानाें की अनुमति उड़ान कंपनियां ले चुकी है, लेकिन उसके बाद गोंदिया और जम्मू उड़ान शुरू हो रही है। अगर सभी उड़ानें शुरू हो गई तो भी नियमित उड़ानों का आंकड़ा 100 तक पहुंच ही जाएगा।
Next Story