- Home
- /
- राज्य
- /
- आंध्र प्रदेश
- /
- हैदराबाद के महा...
हैदराबाद के महा प्रस्थानम में होगा अभिनेता तारक रत्न का अंतिम संस्कार
हैदराबाद। टॉलीवुड अभिनेता एवं तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के नेता नंदमुरी तारक रत्न का अंतिम संस्कार सोमवार शाम यहां जुबली हिल्स स्थित महाप्रस्थानम में किया जाएगा। तारक रत्न के पार्थिव शरीर को तेलुगू फिल्म चैंबर्स ऑफ हैदराबाद लाया गया। सुबह उनके आवास से उनका पार्थिव शरीर फिल्म नगर स्थित तेलुगू फिल्म चैंबर्स ऑफ हैदराबाद लाया गया और उनके प्रशंसकों एवं जनता के दर्शनार्थ रखा गया।
तेलंगाना के सिनेमैटोग्राफी मंत्री तलसानी श्रीनिवास यादव ने तेलुगू फिल्म चैंबर्स जाकर तारक रत्न को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह दुखद है कि तारक रत्न का 39 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने 20 वर्ष की आयु में तेलुगू सिनेमा में अपने करियर की शुरुआत की और 23 फिल्मों में अभिनय किया। मंत्री ने कहा कि तारक रत्न हमेशा उत्साही रहते थे। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख को सहन करने की पर्याप्त शक्ति देने की प्रार्थना की।
प्रसिद्ध अभिनेता एन टी रामाराव के पोते और मोहन कृष्ण के पुत्र तारक रत्न काे आंध्र प्रदेश के कुप्पम में 27 जनवरी को हृदयाघात के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन बेंगलुरु के नारायण हृदयालय में 23 दिन तक जीवन के लिए संघर्ष करने के बाद उनका निधन हो गया।





