![नमाज पढ़ने जा रहे युवक को मारी गोली नमाज पढ़ने जा रहे युवक को मारी गोली](https://jantaserishta.com/h-upload/2023/01/21/2458049-28-4.webp)
मेरठ: लिसाड़ी गेट के मजीद नगर में शुक्रवार को नमाज पढ़ने जा रहे युवक पर तीन बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जिसमें युवक के कमर में गोली लगने से घायल हो गया। गोली की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं, लोगों ने बदमाशों का पीछा किया। इस पर भीड़ पर फायरिंग करते हुए दो बदमाश मौके से फरार हो गए। वहीं, एक बदमाश को भीड़ ने दबोच कर पिटाई कर दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के मजीद नगर निवासी 30 वर्षीय असलम पुत्र अनीस शादी समारोह में खाना बनाने का काम करता है। शुक्रवार को नमाज पढ़ने जा रहा था। तभी तीन बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली असलम के कमर में लगने से घायल हो गया।
गोली की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, लोगों ने बदमाशों को दौड़ा लिया। इसके बाद बदमाश हवा में फायरिंग करते हुए भागने लगे। लोगों ने कुछ दूरी पर ही एक बदमाश अरफाज निवासी मेहताब सिनेमा भूसा मंडी को दबोच लिया और जमकर पिटाई कर दी। वहीं, गश्त कर रही ब्रह्मपुरी पुलिस ने बदमाश को हिरासत में लेकर ब्रह्मपुरी थाने ले गई।
वहीं, दो बदमाश चांद व एक अज्ञात मौका देखकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी ली। वहीं, बदमाश का कहना है कि ब्याज पर कुछ महीनों पहले दो लाख रुपये असलम से लिए थे। पैसे देने के बाद भी असलम पैसे मांग रहा था। इस कारण उसको मारने आये थे।
लिसाड़ी गेट में नशे का धंधा, स्मैक के धंधे को लेकर हुई घटना
स्मैक माफिया तस्लीम के गुर्गे शहर के हर कोनों पर नशे के धंधे की बड़े स्तर पर सप्लाई कर चरस स्मैक बेचने में लगे हैं। माफिया तो जेल में है, लेकिन बेटे का धंधा खूब जोरों पर है। चरस स्मैक के कारोबार और लेन-देन को लेकर लिसाड़ी गेट मजीद नगर में असलम को तीन चार लोगों ने घेर लिया ओर मारपीट के बाद गोली मार दी। गोली मारने वाले कोई मामूली युवक नहीं बल्कि स्मैक चरस के धंधे से जुड़े लोग हैं।
भीड़ ने मेहताब निवासी अरफाज को मौके पर पकड़ा और पुलिस को सौंप दिया। अरफाज उर्फ कचरु पुत्र इश्तियाक के पकड़े जाने के दौरान उसका साथी चांद निवासी पूर्वा हाफिज मौके से भाग निकला। असलम की हत्या करने आये दोनों युवक स्मैक माफिया तस्लीम के बेटे हाजी शाहबाज के लिए काम करते हैं। नशे का सारा कारोबार तस्लीम के जेल जाने के बाद उसका बेटा शाहबाज संभाले हुए है। सूत्रों की मानें तो लिसाड़ी गेट में नशे का यह धंधा खूब फल फूल रहा है। गोली मारने वाले अरफाज की मां काली हाल ही में स्मैक चरस बेचने के आरोप में पकड़ी गई थी।
फिलहाल वह जेल में बंद है। वहीं, उसका पिता इश्तियाक भी जेल में है। अरफाज उर्फ कचरु का पूरा परिवार स्मैक चरस के धंधे से जुड़ा है। फ रार चांद और उसके अन्य साथी भी नशे के कारोबार को लिसाड़ी गेट में करने में लगे हैं। हैरत वाली बात ये है कि स्मैक चरस के धंधे से जुड़ी घटना को लिसाड़ी गेट पुलिस रुपयों के लेनदेन का बताकर मामले में लीपापोती करने में जुट गई है। गोली से घायल हुए असलम के भाई ने बताया कि उसके भाई के लेनदेन का कोई विवाद नहीं है।
भाई के होश आने पर पता चलेगा कि आखिर क्या विवाद है। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि डा. असलम अपने क्षेत्र में स्मैक बेचने पर मना कर रहा था। जिसके चलते उसे गोली मारकर हत्या का प्लान था। उधर, लिसाड़ी गेट पुलिस ने मेहताब के पास दो घरों पर दबिश दी। शाहिद भारती नाम के युवक को उठाकर थाने ले गई, लेकिन बाद में पुलिस ने उसे छोड़ दिया। एक अन्य युवक से पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया।