राज्य

10 फ्लाइट रद्द, 105KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, इन इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट

Admin2
10 May 2022 8:10 AM GMT
10 फ्लाइट रद्द, 105KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, इन इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट
x
रात तक उत्तर आंध्र प्रदेश तट के करीब जाने की संभावना

जनता से रिश्ता वेबडेस्क : बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal) के ऊपर बना चक्रवाती तूफान असानी (Cylonic Storm Asani) आंध्र प्रदेश के काकीनाडा से लगभग 300 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में है। इसके मंगलवार को धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना है। हालांकि, चक्रवात के कारण 105 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि चक्रवात के मंगलवार रात तक उत्तर आंध्र प्रदेश तट के करीब जाने की संभावना है। इसके बाद फिर दोबारा मुड़कर यह उत्तर आंध्र प्रदेश और ओडिशा तट के साथ-साथ आगे बढ़ेगा। इसके धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की भी संभावना है।चक्रवात आसनी के कारण सोमवार से गुरुवार के बीच कोलकाता, हावड़ा, पुरबा मेदिनीपुर, उत्तर और दक्षिण 24 परगना और नदिया जिलों समेत पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्से में भारी बारिश होने की संभावना है।

चेन्नई से कई उड़ानें रद्द
न्यूज एजेंसी ANI ने बताया कि गंभीर चक्रवाती तूफान असानी के कारण हैदराबाद, विशाखापत्तनम, जयपुर और मुंबई समेत दस उड़ानें चेन्नई हवाई अड्डे पर रद्द कर दी गई हैं। चेन्नई एयरपोर्ट अथॉरिटी ने कहा कि सोमवार को यात्रियों को इस बारे में जानकारी दे दी गई थी।भारत मौसम विज्ञान विभाग ने चक्रवात के बारे में कई बुलेटिन जारी किए हैं। इसके अलावा भुवनेश्वर के केंद्र ने भी पुरी समुद्र तट पर बंगाल की खाड़ी के ऊपर बादल छाए रहने का एक वीडियो शेयर किया है।भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि चक्रवात सोमवार को 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा था। वह पिछले छह घंटों के दौरान पांच किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम- उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ा।
सुबह साढ़े पांच बजे वह काकीनाडा से 300 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में, विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से 330 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व में, गोपालपुर (ओडिशा) से 510 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में और पुरी (ओडिशा) से 590 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में केंद्रित था।

मछुआरों और पर्यटकों पर रोक
IMD चक्रवात पर नजर बनाए हुए है और इस संबंध में अभी तक 20 बुलेटिन जारी कर चुका है, ताकि स्थानीय प्रशासन को तूफान के बारे जानकारी और उससे निपटने के सुझाव दे पाए। चक्रवात के कारण ओडिशा और पश्चिम बंगाल में सोमवार को भारी से मध्यम बारिश हुई।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पश्चिम-मध्य और उससे सटी दक्षिण बंगाल की खाड़ी में समुद्र में हलचल तेज होने की संभावना है। मछुआरों को अगले कुछ दिनों तक इलाके से दूर रहने को कहा गया है। तटीय क्षेत्रों और समुद्री समुद्र तटों में टूरिज्म एक्टिविटी को 13 मई तक रोकने का सुझाव भी दिया गया है।ओडिशा के खुर्दा, गंजाम, पुरी, कटक और भद्रक आदि जिलों में दो से तीन बार बारिश हुई।


Next Story