लाइफ स्टाइल

कपोतासन का अभ्यास करने से मिलते हैं ये छह जबरदस्त फायदे

SANTOSI TANDI
12 Aug 2023 7:16 AM GMT
कपोतासन का अभ्यास करने से मिलते हैं ये छह जबरदस्त फायदे
x
ये छह जबरदस्त फायदे
योगाभ्यास एक ऐसा जरिया है, जिसके जरिए हर व्यक्ति अपनी सेहत का ख्याल रख सकता है। चाहे बच्चे हों या बूढ़े, पुरूष हो या महिला, हर किसी के लिए योगाभ्यास करना बेहद ही लाभकारी माना गया है। अमूमन योगाभ्यास करते समय हम कई तरह के आसनों का अभ्यास करते हैं। इनमें व्यक्ति को अपनी स्ट्रेन्थ और हेल्थ प्रॉब्लम को ध्यान में रखना होता है।
इन्हीं आसनों में से एक है कपोतासन। ऐसा माना जाता है कि कपोतासन के नियमित अभ्यास से व्यक्ति के शरीर की अतिरिक्त चर्बी आसानी से कम होने लगती है। हालांकि, कपोतासन सिर्फ आपकी बॉडी की शेप को मेंटेन करने में ही मददगार नहीं है, बल्कि इससे आपको अन्य भी कई लाभ मिल सकते हैं। तो चलिए आज इस लेख में ब्लॉसम योगा के फाउंडर और योगविशेषज्ञ जितेन्द्र कौशिक आपको बता रहे हैं कि कपोतासन करने से आपको क्या-क्या लाभ मिल सकते हैं-
पाचन तंत्र को मिलता है लाभ
कपोतासन का अभ्यास करते समय शरीर एक कबूतर की मुद्रा में आ जाता है। चूंकि इसमें हम अपने शरीर को एक तरह से फोल्ड करते हैं, जिससे कारण पेट की मसल्स पर दबाव पड़ता है। ऐसे में वे सक्रिय रूप से काम करने लगते हैं। जो लोग नियमित रूप से कपोतासन का अभ्यास करते हैं, उन्हें अपच या कब्ज जैसी समस्याओं से आसानी से राहत मिल जाती है।
ऑक्सीजन का बेहतर सर्कुलेशन
कपोतासन का अभ्यास करने का एक लाभ यह भी है कि इससे आपके शरीर में ऑक्सीजन सर्कुलेशन बेहतर तरीके से होता है। इतना ही नहीं, यह आपके फेफड़ों की मसल्स की ताकत को भी बढ़ा सकता है। ऑक्सीजन के बेहतर सर्कुलेशन से शरीर के हर अंग को लाभ मिलता है।
वजन कम करने में मददगार
कपोतासन का अभ्यास करने से शरीर की अतिरिक्त चर्बी को आसानी से कम किया जा सकता है। जब आप इसका अभ्यास करते हैं तो सिर्फ पेट की जमा चर्बी ही कम नहीं होती है, बल्कि इससे आपके पूरे शरीर की मसल्स स्ट्रेच होती है, जिससे हर अंग को इस आसन का लाभ मिलता है।
दर्द से मिलती है राहत
कपोतासन का अभ्यास करने से शरीर के विभिन्न अंगों में होने वाले दर्द से भी आराम मिलता है। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि कपोतासन का अभ्यास करते हुए पूरे शरीर की मसल्स स्ट्रेच होती हैं। खासतौर से, जिन्हें पैरों में अक्सर दर्द की शिकायत रहती है, उनके लिए यह आसन विशेष रूप से लाभकारी हो सकता है।
स्पाइन की फ्लेक्सिबिलिटी में सुधार
कपोतासन एक ऐसा आसन है, जिसमें बैकबेंड किया जाता है। चूंकि इसमें कमर एक तरह से कर्व हो जाती है, इसलिए जो लोग नियमित रूप से कपोतासन का अभ्यास करते हैं, उनकी स्पाइन फ्लेक्सिबिलिटी में काफी सुधार होता है। इससे उन्हें अपनी स्पाइन हेल्थ को बनाए रखने में मदद मिलती है।
तनाव से मिलती है राहत
कपोतासन का अभ्यास करते हुए डीप ब्रीदिंग की जाती है। जिससे आपको रिलैक्स महसूस होता है। इस तरह यह आसन तनाव को दूर करने में मददगार हो सकता है। इतना ही नहीं, इससे आपका मेंटल फोकस भी बेहतर होता है और माइंड व बॉडी का कनेक्शन अधिक मजबूत हो सकता है।
कपोतासन का अभ्यास करने के यकीनन कई फायदे हैं, लेकिन फिर भी इसे करने से पहले एक बार योग विशेषज्ञ से सलाह अवश्य लें। उनकी देख-रेख में ही इसका अभ्यास करें।
इस आर्टिकल के बारे में अपनी राय भी आप हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं। साथ ही, अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Next Story