लाइफ स्टाइल

डोनट में क्यों होता है छेद? 175 साल पुराने तूफान से जुड़ी है दिलचस्प कहानी

nidhi
28 Sept 2026 10:12 AM IST
डोनट में क्यों होता है छेद? 175 साल पुराने तूफान से जुड़ी है दिलचस्प कहानी
x
डोनट के छेद का रहस्य

लाइफस्टाइल : आज दुनिया भर में मशहूर डोनट को देखते ही सबसे पहले उसके बीच का गोल छेद नजर आता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कभी डोनट बिना छेद के हुआ करता था। एक साधारण सी दिखने वाली इस मिठाई के बीच छेद बनने की कहानी करीब 175 साल पुरानी है और इसका संबंध समुद्र में आए एक तूफान से जोड़ा जाता है।

डोनट का शुरुआती रूप आज के डोनट जैसा नहीं था। इतिहासकारों के अनुसार, यूरोप से आए डच लोगों ने अमेरिका में मीठे तले हुए आटे की डिश पहुंचाई थी, जिसे ओलिकोक (Olykoek) या ऑयली केक कहा जाता था। यह गोल आकार की होती थी, लेकिन इसके बीच का हिस्सा अक्सर ठीक से पक नहीं पाता था और अंदर का आटा कच्चा रह जाता था। कहा जाता है कि 19वीं सदी में अमेरिका के नाविक कैप्टन हैनसन ग्रेगरी ने डोनट के बीच छेद करने का तरीका खोजा। साल 1847 की एक कहानी के मुताबिक, समुद्री यात्रा के दौरान उन्हें डोनट का बीच वाला हिस्सा पसंद नहीं था, क्योंकि वह ज्यादा तेल सोख लेता था और ठीक से पकता नहीं था।
लोकप्रिय कहानी के अनुसार, एक दिन समुद्र में तूफान आया। जहाज संभालने के दौरान कैप्टन ग्रेगरी ने डोनट को जहाज के पहिए की एक कील पर लगा दिया, जिससे उसके बीच में छेद हो गया। हालांकि इस कहानी को लेकर इतिहासकारों में अलग-अलग राय है। एक दूसरी मान्यता के अनुसार, ग्रेगरी ने जहाज पर रखे एक गोल टिन के मसाले के डिब्बे (पेपर बॉक्स) के ढक्कन की मदद से डोनट के बीच का हिस्सा काट दिया था। इससे डोनट चारों तरफ से समान रूप से पकने लगा और अंदर का हिस्सा कच्चा नहीं रहता था।
बीच में छेद करने का फायदा यह हुआ कि डोनट का आकार बदल गया और इसे तलना आसान हो गया। ज्यादा सतह तेल के संपर्क में आने लगी, जिससे यह जल्दी और बेहतर तरीके से पकने लगा। धीरे-धीरे यही गोल छेद वाला आकार दुनिया भर में लोकप्रिय हो गया।
समय के साथ डोनट सिर्फ एक मिठाई नहीं रहा, बल्कि कई देशों की खाद्य संस्कृति का हिस्सा बन गया। आज बाजार में ग्लेज्ड, चॉकलेट, क्रीम और कई तरह के फ्लेवर वाले डोनट मिलते हैं। डोनट के छेद की कहानी भले ही पूरी तरह प्रमाणित इतिहास न हो, लेकिन कैप्टन हैनसन ग्रेगरी से जुड़ी यह कहानी दुनिया भर में सबसे ज्यादा प्रचलित है। एक छोटी सी समस्या को हल करने के प्रयास ने डोनट को उसकी पहचान दे दी।

Next Story