- Home
- /
- लाइफ स्टाइल
- /
- सर्दियों में क्यों...
लाइफ स्टाइल
सर्दियों में क्यों जरूरी है पालक, बथुआ, मेथी का सेवन? वैज्ञानिक और आयुर्वेदिक दृष्टिकोण से जानें लाभ
jantaserishta.com
19 Nov 2025 1:24 PM IST

x
नई दिल्ली: सर्दियों का मौसम अपने साथ हरी पत्तेदार सब्ज़ियों का खजाना लेकर आता है। पालक, बथुआ, मेथी जैसी ये सब्ज़ियां पोषण के गुणों से भरपूर होती हैं और हमारी पारंपरिक भोजन की थाली को विशेष महत्व प्रदान करती हैं।
हमारे बुजुर्ग सदियों से सर्दियों में इन हरी सब्जियों के सेवन पर ज़ोर देते आए हैं और इनके अनगिनत फायदों के बारे में बताते रहे हैं। आज हम आपको वैज्ञानिक और आयुर्वेदिक दोनों दृष्टिकोण से हरी सब्जियों के महत्व के बारे में बताएंगे, जिससे सर्दियों में हरी सब्जियों के सेवन के बिना आप रह नहीं पाएंगे।
सर्दियों की शुरुआत से ही मेथी बाजार में आने लगती है। भले ही इसे काटने-छांटने में ज्यादा समय लगता है, लेकिन ये गुणों का खजाना होती है। मेथी की तासीर गर्म होती है और वात और कफ को संतुलित रखती है। ये भूख बढ़ाती है और पाचन शक्ति को दुरुस्त करती है। वहीं वैज्ञानिक दृष्टिकोण से इसमें फाइबर होता है, जो पाचन में आसान होता है। इसके साथ ही मेथी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाती है।
पालक पित्त दोष को घटाने में मदद करता है और हीमोग्लोबिन को बढ़ाता है। जबकि वैज्ञानिक दृष्टिकोण से पालक में आयरन और मैग्नीशियम होता है, जो मांसपेशियों की अकड़न को कम करता है और शरीर में खून की मात्रा को बढ़ाता है। सरसों सर्दियों में सबसे ज्यादा पसंद की जाती है क्योंकि इसके बिना साग की सब्जी अधूरी है।
सरसों की तासीर ठंडी और ऊर्जा देने वाली होती है, जो अपने गुणों की वजह से कफ को कम करने में मदद करती है। इसमें विटामिन ए, के और ई होता है, जो शरीर को मजबूत बनाते हुए चेहरे पर निखार लाने में भी सहायक है।
बथुए में वात और कफ को नियंत्रित करने के गुण होते हैं, जिससे शरीर में ऊर्जा बनी रहती है और सर्दी और जुकाम जैसी समस्याएं नहीं होती हैं। इसके साथ ही बथुए के सेवन से पेट संबंधी परेशानी, जैसे गैस बनना, पेट फूलना और खट्टी डकारें आना, कम होती हैं। सर्दियों में इसके सेवन से पेट साफ रहता है और चेहरा चांद की तरह चमकता है।
सर्दियों में चौलाई की सब्जी और इसके लड्डू दोनों ही गुणकारी होते हैं। चौलाई की तासीर गर्म होती है, जो वात को शांत करती है और रक्त को शुद्ध करने का काम करती है। इसमें प्लांट प्रोटीन सबसे ज्यादा होता है और कैल्शियम भी अच्छी मात्रा में होता है। अब इतने सारे गुण जानने के बाद सर्दियों में इन हरी सब्जियों का सेवन करना बिल्कुल न भूलें।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





