लाइफ स्टाइल

सर्दियों में किन चीजों के सेवन से बढ़ जाता है वज़न? जानें

Neha Dani
23 Nov 2021 3:24 PM GMT
सर्दियों में किन चीजों के सेवन से बढ़ जाता है वज़न? जानें
x
विंटर वेट वास्तव में एक समस्या है। इसके पीछे कई वजह होती हैं सबसे पहले ठंडा मौसम कम शारीरिक गतिविधी मेटाबॉलीज़म का धीमा पड़ना और आखिर में शरीर को गर्म रखने के लिए ज़्यादा खाना। यह सभी चीज़ें हमारा वज़न बढ़ाने का काम करती हैं।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। ठंड में आप रज़ाई के अंदर बैठे हों और हाथ में खाने की गर्म प्लेट और चाय हो...यह सुनने में कितना सुकून देता है ना? सर्दी के दिनों को आरामदायक बनाने के लिए आपको इन्हीं चीज़ों की ज़रूरत पड़ती है। लेकिन यह आरामदायक समय कई लोगों के लिए परेशानी भी बन जाता है। जी हां, विंटर वेट वास्तव में एक समस्या है। इसके पीछे कई वजह होती हैं, सबसे पहले ठंडा मौसम, कम शारीरिक गतिविधी, मेटाबॉलीज़म का धीमा पड़ना और आखिर में शरीर को गर्म रखने के लिए ज़्यादा खाना। यह सभी चीज़ें हमारा वज़न बढ़ाने का काम करती हैं।

आइए जानें खाने की ऐसी चीज़ों के बारे में जो सर्दी के मौसम में वज़न बढ़ाने का काम करती हैं।
क्रीमी सूप
सर्दियों में अगर आपने गर्मागरम सूप का मज़ा नहीं लिया तो क्या किया? सूप बेवक्त की भूख को मिटाता तो है ही, सर्द मौसम में आपको गर्माहट देता है और साथ ही सर्दी से लड़ने के लिए ज़रूरी पोषण भी देता है। लेकिन अगर आप क्रीमी सूप का सेवन करते हैं, तो इससे वज़न बढ़ने का ख़तरा रहता है। हम यह नहीं कह रहे कि आप सूप पीना ही छोड़ दें, लेकिन सोच समझ कर पिएं। क्रीमी सूप की जगह, टमाटर, सब्ज़ियों और फिर हड्डियों का क्लीयर सूप पिएं।
सर्दियों में बनने वाली मिठाइयां
गाजर का हलवा, चिक्की, तिल के लड्डू, गुलाब जामुन और क्रिस्मस केक्स, इन सभी में हाई कैलोरीज़ होती हैं। तो इन्हें खाते वक्त आपको ध्यान रखने की ज़रूरत है। इसका मतलब यह नहीं कि इन चीज़ों को न खाएं, बल्कि खाते वक्त पोर्शन का ध्यान रखें। दिन में मीठा एक ही बार खाएं।
पराठे
सर्दियों में मक्खन और अचार के साथ गर्मागरम पराठे खाने का मज़ा ही कुछ और है। इसे बनाना आसान होता है। इसमें आलू, गोभी, गाजर या फिर मूली को स्टफ किया जा सकता है। यह खाने में स्वादिष्ट ज़रूर होते हैं, लेकिन साथ ही वज़न बढ़ाने का काम भी करते हैं। सर्दियों में पराठे ज़रूर खाएं, लेकिन साथ ही इसमें घी या मक्खन का कम से कम इस्तेमाल करें।
चाय या कॉफी
चाय और कॉफी के बिना सर्दियां अधूरी हैं। गर्म चाय या कॉफी पीने से हमारे शरीर को गर्माहट मिलती है, लेकिन इससे वज़न भी बढ़ता है। दिन में सिर्फ 2-3 कम चाय या कॉफी ही पिएं। इसकी जगह आप हर्बल-टी या फिर ब्लैक टी-कॉफी भी पी सकते हैं। इसमें मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट्स वज़न घटाने में मददगार साबित होते हैं।


Next Story