लाइफ स्टाइल

चाहते हैं हाथों पर लगाई मेहंदी का रंग हो गहरा, जानें इससे जुड़ी सही जानकारी

SANTOSI TANDI
11 Aug 2023 1:57 PM GMT
चाहते हैं हाथों पर लगाई मेहंदी का रंग हो गहरा, जानें इससे जुड़ी सही जानकारी
x
जानें इससे जुड़ी सही जानकारी
भारतीय महिला के श्रृंगार में मेहंदी का महत्वपूर्ण स्थान होता हैं। जब भी कोई तीज-त्यौहार हो या शादी का समारोह महिलाएं अपने हाथों में मेहंदी बनवाती हैं जिसका गाढ़ा रंग महिलाओं की खूबसूरती में चार चांद लगा सकता हैं। मगर, कुछ महिलाओं को शिकायत रहती हैं कि उनकी मेहंदी का रंग गाढ़ा नहीं चढ़ता। मेहंदी की बात आती है तो मेहंदी के रंग को अकसर कपल के बीच प्यार से जोड़कर देखा जाता है। ऐसे में हर महिला चाहती हैं कि उनके हाथों पर लगाई मेहंदी का रंग गहरा हो। इसलिए आज इस कड़ी में हम आपके लिए मेहंदी लगाने से जुड़ी जरूरी जानकारी लेकर आए हैं जिसमें मेहंदी का रंग चढ़ाने के उपाय, आमतौर पर होने वाली गलतियां और मेहंदी उतारने का सही तरीका बताने जा रहे हैं। आइये जानते हैं इसके बारे में...
चीनी का घोल और नींबू
हाथों की मेहंदी को गहरा रंग देने के लिए चीनी-नींबू कारगर है। जहां, चीनी मेहंदी को हाथों में देर तक लगे रहने में मदद करती है। वहीं, नींबू का रस मेहंदी को गहरा लुक देने का काम करता है। ऐसे में जब कभी आप मेहंदी लगाएं तो इसमें चीनी का सिरका और नींबू का रस जरूर मिक्स करें। इसके बाद आप मेहंदी को अपने हाथों में उतारें।
विक्स या आयोडेक्स
विक्स या आयोडेक्स की मदद से भी मेहंदी का रंग डार्क किया जा सकता है, क्योंकि बाम गर्म होती है, जिससे मेहंदी को हीट मिलती है और उसका कलर गाढ़ा हो जाता है। इसके लिए मेहंदी लगाएं तो इसे पूरी रात छोड़ दें और अगली सुबह इसे हल्के हाथों से रगड़ कर उतार लें। इसके बाद रंग को गहरा करने के लिए इस पर विक्स लगाएं। विक्स की गर्माहट से मेहंदी का रंग गहरा होगा।
सरसो का तेल
मेहंदी को बड़ी ही आसानी से बिना पानी का इस्तेमाल किये साफ़ भी किया जा सकता है। इसके लिए हाथों पर थोडा सा सरसों का तेल हाथों पर अच्छी तरह मलें। और फिर रगड़ते हुए मेहंदी छुडा लें। मेहंदी हटाने के बाद एक बार फिर सरसों का तेल हाथों में लगाएं। ऐसा करने से कुछ ही घंटों में आपकी मेहंदी का रंग डार्क हो जाएगा।
लौंग का धुंआ
आप चाहें तो मेहंदी वाले हाथों पर लौंग का धुंआ भी ले सकते हैं। शादियों में यह तरीका काफी अपनाया जाता है। 3-4 लौंग लेकर तवे पर गर्म कर लें। जब उसमें धुआं उठने लगे तो अपनी हथेलियों को पास ले जाएं। ऐसा करते वक्त सावधान रहें ताकी आपका हाथ जले नहीं। कुछ देर हाथों को सेकें और हटा लें। मेहंदी के रंग को गाढ़ा करने के लिए ये बेहतरीन उपाय है।
अचार का तेल
अचार के तेल का इस्तेमाल करके भी मेहंदी का रंग गाढ़ा किया जा सकता है। इसके लिए मेहंदी सूखने के बाद उस पर अचार का तेल लगाएं। कुछ ही समय में मेहंदी का रंग डार्क हो जाएगा।
नीलगिरी का तेल
सबसे पहले तो हाथों को अच्छी तरह साफ कर लें, अब नीलगिरी का तेल लगाएं। इसके बाद मेहंदी का डिजाइन बनाएं। यह आपको आसानी से बाजारों में मिल जाएगा।
चूना
मेहंदी सूखने के बाद बगैर पानी लगाए मेहंदी वाली हथेलियों पर चूना रगड़ने से भी मेहंदी का रंग गहरा होता है।
- मेहंदी हटाने के बाद अपने हाथ को साबुन या साबुन के पानी से न धोएं। ऐसा करने से आपकी मेहंदी का रंग फीका पड़ सकता है। इससे आपकी मेहंदी कहीं-कहीं से निकलने भी लग सकती है और आपका डिजाइन बिगड़ सकता है।
- मेंहदी लगाने के बाद अपने हाथों को शेव न करें, क्योंकि इससे आपकी त्वचा की ऊपरी परत छिल सकती है और मेहंदी भी खराब हो सकती है।
- मेहंदी निकलने के तुरंत बाद अपने हाथों को न धोएं, कम से कम छह घंटे तक हाथों में पानी न लगाएं। अगर संभव हो तो मेहंदी लगाने के 12 घंटे के बाद ही नहाएं।
- चीनी और नींबू के मिश्रण का उपयोग जरूरत से ज्यादा न करें, वरना मेहंदी गहरे भूरे रंग में बदल जाएगी।
- कुछ भी हो जाए आप अपने हाथों और पैरों की मेहंदी को जल्दी सूखाने के लिए ब्लो ड्रायर का उपयोग न करें। इससे आपकी मेहंदी पिघल सकती है और मेहंदी का डिजाइन खराब हो सकता है।
मेहंदी उतारने का सही तरीका
मेहंदी लगाने वालों को धैर्यवान होना चाहिए। ऐसे में जब कभी आप अपने हाथों में मेहंदी लगाती है तो मेहंदी लगाने के बाद तकरीबन सात से आठ घंटों तक इसे लगा रहने दें। आप चाहे तो इसे 12 घंटों तक भी लगाकर रख सकती हैं। बेहतर होगा कि आप रात में सोने से पहले मेहंदी लगाएं, और अगली सुबह को इसे उतारें। जब आप मेहंदी उतारते हैं तो अपने हाथों को पानी से न धोएं, बल्कि अपनी हथेलियों से मेहंदी को रगड़कर निकालें। इसके बाद अपने हाथों को एक घंटे तक न धोएं। ऐसा करने से मेहंदी का रंग गहरा दिखेगा।
Next Story