- Home
- /
- लाइफ स्टाइल
- /
- रतनजोत का इस तरह करें...
लाइफ स्टाइल
रतनजोत का इस तरह करें इस्तेमाल, तेजी से लम्बे होंगे बाल
Shubhra Nandy
18 July 2021 9:14 AM IST

x
सब्ज़ी का रंग-रोगन बढ़ाने के लिए रतनजोत (Ratanjot) का इस्तेमाल आपने कई बार किया होगा.
सब्ज़ी का रंग-रोगन बढ़ाने के लिए रतनजोत (Ratanjot) का इस्तेमाल आपने कई बार किया होगा. लेकिन बालों की खूबसूरती और मजबूती को बढ़ाने के लिए क्या कभी रतनजोत का इस्तेमाल आपने किया है? क्या आप जानते हैं कि रतनजोत बालों के लिए भी इस्तेमाल किया जाता है. अगर नहीं, तो आइये आज हम आपको बताते हैं कि बालों (Hair) की सेहत (Health) और सुंदरता निखारने के लिए तेल की मदद से रतनजोत का इस्तेमाल बालों में किस तरह से किया जा सकता है.
रतनजोत तेल बनाने की ये करें तैयारी
रतनजोत तेल बनाने के लिए आप एक कप सरसों का तेल और एक-एक इंच के दो टुकड़े रतनजोत ले लें. इसके बाद इन टुकड़ों की लेयर्स को अलग कर लें. दरअसल रतनजोत की कई सारी परतें एक-दूसरे पर लिपटी हुई होती है. इनको अलग करना इसलिए ज़रूरी है जिससे ये तेल में अच्छी तरह से पक सके.
ऐसे बनायें रतनजोत तेल
सबसे पहले लोहे की कढ़ाही में सरसों के तेल को पकने के लिए रख दें. जब इस तेल का पीलापन ख़त्म हो जाये और ये सफ़ेद होने लगे तो समझ लें कि तेल पक चुका है. अब गैस की आंच को धीमा कर दें और इस तेल में रतनजोत की सारी लेयर्स डाल दें. अब इसको पांच-सात मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें लेकिन बीच-बीच में इसको चम्मच से चलाते रहें. आप देखेंगे कि तेल का रंग सुर्ख लाल हो गया है. अब आप गैस को बंद कर दें और तेल को ठंडा होने रख दें. जब तेल अच्छी तरह से ठंडा हो जाये तो इसको किसी बर्तन में छान लें. फिर किसी कांच की बॉटल में भरकर रख दें और ज़रूरत पर इस्तेमाल करें.
ऐसे करें इस्तेमाल
जब भी आपको इस तेल का इस्तेमाल करना हो तब चार-पांच चम्मच तेल को किसी बाउल में निकाल लें. फिर उंगलियों की मदद से सिर की हल्के हाथों से करीब दस मिनट तक मसाज करें. जिससे तेल बालों की जड़ों में अच्छी तरह से समा जाये. अब इस तेल को बालों में लगाएं और दोनों हाथों की हथेलियों से बालों की भी मसाज पांच मिनट तक करें, जिससे बालों को भी पोषण अच्छी तरह मिल सके. अब इसको आधे से एक घंटे तक लगा रहने दें फिर शैम्पू कर लें. तेल को हफ्ते में कम से कम दो बार इस्तेमाल करें.
ये मिलेंगे फायदे
बालों में रतनजोत तेल लगाने से बाल घने और लम्बे होते हैं. इसके इस्तेमाल से बालों में मजबूती आती है और बालों का टूटना-झड़ना बंद हो जाता है. इसके साथ ही बालों को नमी और पोषण मिलता है जिससे बाल रेशमी और मुलायम बनते हैं. बालों से रूखापन और रूसी भी दूर होती है और नए बाल भी उगने लगते हैं
Next Story





