लाइफ स्टाइल

पेट दर्द की समस्या से हैं परेशान, इन आयुर्वेदिक उपायों से मिलेगा आराम

jantaserishta.com
28 Oct 2025 5:04 PM IST
पेट दर्द की समस्या से हैं परेशान, इन आयुर्वेदिक उपायों से मिलेगा आराम
x
नई दिल्ली: पेट दर्द एक बहुत ही आम लेकिन बेहद परेशान करने वाली समस्या है। कभी गैस की वजह से, कभी बदहजमी, तो कभी कब्ज से पेट में दर्द या भारीपन महसूस होता है।
आयुर्वेद के मुताबिक, जब शरीर में आम (टॉक्सिन) और वात दोष बढ़ जाता है, तो पाचन तंत्र कमजोर पड़ जाता है और पेट में दर्द, ऐंठन या जलन जैसी दिक्कतें शुरू हो जाती हैं। इसी कारण पेट दर्द से राहत पाने के लिए जरूरी है कि हम अग्नि (पाचन शक्ति) को संतुलित रखें।
पेट दर्द के कई कारण हो सकते हैं, जैसे बासी खाना खाना, लंबे समय तक खाली पेट रहना, तली-भुनी चीजें खाना या फिर मानसिक तनाव। कई लोग खाना खाने के तुरंत बाद लेट जाते हैं या बार-बार चाय, कॉफी और ठंडा पानी पीते हैं, जिससे गैस और बदहजमी बढ़ जाती है।
आयुर्वेद की मानें, तो पेट दर्द तीन तरह का होता है, पहला वातज उदरशूल, जिसमें गैस और मरोड़ होती है। दूसरा पित्तज उदरशूल, जिसमें पेट में जलन और खट्टे डकार आते हैं और तीसरा कफज उदरशूल, जिसमें भारीपन और मतली महसूस होती है।
हर तरह के दर्द के लिए आयुर्वेद में अलग-अलग नुस्खे बताए गए हैं। सबसे आसान और असरदार घरेलू उपाय है अजवाइन और काला नमक। एक चम्मच अजवाइन में चुटकीभर काला नमक मिलाकर गुनगुने पानी के साथ पीने से गैस और मरोड़ तुरंत शांत होती है।
इसी तरह हींग पानी भी बहुत फायदेमंद है। चुटकीभर हींग गुनगुने पानी में मिलाकर पीएं, यह वात को संतुलित करता है। अगर पेट में जलन या बदहजमी है तो अदरक का रस और शहद मिलाकर लें, यह पाचन को सुधारता है। पेट पर हल्का गर्म तौलिया सेंक देने से भी ऐंठन में आराम मिलता है।
सौंफ की चाय भी पेट दर्द की एक प्राकृतिक दवा है। एक चम्मच सौंफ को पानी में उबालकर हल्का गुनगुना पीएं। यह गैस और भारीपन को दूर करता है। अगर दर्द बार-बार होता है, तो कुछ आयुर्वेदिक दवाएं भी मददगार हैं, जैसे हिंगवाष्टक चूर्ण (गैस और मरोड़ के लिए), त्रिफला चूर्ण (कब्ज के लिए) और अविपत्तिकर चूर्ण (पित्त संतुलन के लिए)। इनका सेवन हमेशा वैद्य की सलाह से ही करें।
इन उपायों के साथ ही जीवनशैली में कुछ बदलाव भी बहुत जरूरी हैं। रोज सुबह गुनगुना पानी पीएं, हल्का और सुपाच्य भोजन करें और खाना खाने के बाद 100 कदम चलने की आदत डालें। इसके अलावा, बहुत ठंडी या तली चीजों से परहेज करें और तनाव से दूर रहें।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story