लाइफ स्टाइल

पति और ससुराल से लड़ाई में आखिर कब तक निर्वस्त्र होगी देश की बेटी?

SANTOSI TANDI
3 Sep 2023 6:59 AM GMT
पति और ससुराल से लड़ाई में आखिर कब तक निर्वस्त्र होगी देश की बेटी?
x
निर्वस्त्र होगी देश की बेटी?
ये बेटियां तो बाबुल की रानियां हैं.......लेकिन क्या सच में इन्हें मायके जैसा प्यार और दुलार ससुराल में भी मिल पाता है? क्या आजाद देश की बेटी आजाद है? क्या सच में उन पर होने वाले अत्याचार कम हो गए हैं? सच पूछो तो ये सवाल पूछने में ही देश की असफलता का आईना दिखाई देता है। हो भी क्यों न जब हम हमेशा बेटे और बेटी के बीच के अंतर को पाटने की बातें करते हैं तो अत्याचार के नाम और बेटी और बहू ही क्यों?
कभी पति की बेवजह बातों की वजह से मार-पीट का शिकार , तो कभी ससुराल में कम दहेज़ लाने की वजह से आग में झोंक दी जाती है बेटी। आखिर कहां महफूज है बेटी और कब आएगी वो सुबह जब रात के अंधेरे में भी सहमी हुई लड़की अपना सीना चौड़ा करते हुए लड़कों से कंधा मिलाकर चले के बजाय उनसे आगे निकलकर खुद को सुरक्षित समझेगी?
बेटी की सुरक्षा की दुहाई देने वाले समाज में एक और शर्मशार करने वाली घटना सामने आई। सुबह जब आंख खुली तब ये खबर सुनकर ही दिल दहल उठा कि एक बार फिर देश की बेटी को नग्न करके सड़कों पर घुमाया गया। आखिर क्यों और कब तक....... सवाल बहुत से हैं लेकिन उत्तर अभी भी खोज रही हूं।
राजस्थान के प्रतापगढ़ में पति ने पत्नी को निर्वस्त्र करके घुमाया
आजादी की 77 वीं सालगिरह मना रहे देश में ऐसा घटना झकझोर कर रख देती है। राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में एक आदिवासी महिला को उसके पति ने इस वजह से पीटा क्योंकि उसे शक था कि महिला का किसी और से अफेयर है, उसे पीटने के बाद नग्न करके पूरे गांव में घुमाया गया।
इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एक 21 वर्षीय महिला को उसका पति मारने-पीटने के बाद निर्वस्त्र करके घर से बाहर घुमा रहा है और महिला अपने बचाव की भीख मांग रही है। उफ़ ये आजाद भारत जहां एक बेटी और बहू को आज भी आजादी और सुरक्षा की भीख मांगनी पड़ती है।
वायरल वीडियो में सड़क पर बेबस दिखी निर्वस्त्र महिला
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने 1 सितंबर, शुक्रवार को कहा कि 21 वर्षीय एक आदिवासी महिला को उसके पति और ससुराल वालों ने निर्वस्त्र करके गांव में घुमाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पुलिस महानिदेशक को इस मामले में सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वास्तव में ये देश को शर्मसार करने वाली घटना है।
आखिर क्या है राजस्थान के वायरल वीडियो में
ट्विटर पर वायरल हो रहे इस भयानक वीडियो में, एक आदमी को कई लोगों के सामने एक महिला के कपड़े उतारे और फिर उसे गांव में नग्न घुमाते हुए देखा जा सकता है। महिला को रोते हुए और खुद को पुरुष से बचने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है।
वहीं उसका परिवार और गांव के अन्य लोग इस पूरे घटनाक्रम को देखते नजर आ रहे हैं। वीडियो प्रतापगढ़ जिले के धरियावद के पहाड़ा गांव का है। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह वीडियो चार दिन पुराना है और इसमें दिखने वाली महिला गर्भवती है।
बताया जा रहा है कि महिला का पास के गांव में रहने वाले एक युवक से प्रेम संबंध चल रहा था। कुछ दिन पहले वह अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी, जब उसके परिवार को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने महिला का पीछा किया और उसे पकड़ लिया।
महिला को पकड़कर वापस गांव लाया गया जहां उसके साथ मारपीट की गई थी। पूरी घटना में सिर्फ पति ही नहीं बल्कि परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल थे। इस घटना का वीडियो इतना भयानक है कि हम उसे आपके सामने नहीं ला सकते हैं और उम्मीद करते हैं कि इसे अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी अब वायरल न किया जाए।
इस घटना पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की प्रतिक्रिया
जैसे ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, लोगों ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करना शुरू कर दिया। जल्द ही, सीएम अशोक गहलोत ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा कि उन्होंने पुलिस महानिदेशक को एडीजी को मौके पर भेजने और मामले में सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, महिला के पति और दो अन्य लोगों की गिरफ्तारी हो गई है। कथित तौर पर, जब आरोपी को पुलिस के बारे में पता चला तो उसने भागने की कोशिश की लेकिन घायल हो गया। फिलहाल उनका इलाज के लिए प्रतापगढ़ के एक जिला अस्पताल में रखा गया है।
मणिपुर में भी हुई थी महिलाओं को निर्वस्त्र करने की घटना
अगर हम राजस्थान की घटना की बात करें तो ये पहली बार नहीं है जब एक महिला सड़कों पर निर्वस्त्र होकर अपनी रक्षा की गुहार लगा रही है। बल्कि इससे पहले मणिपुर में भी दो कुकी-जो आदिवासी महिलाओं का वीडियो सामने आया था जिन्हें नग्न करके सड़कों पर घुमाया गया था।
इतना ही नहीं ये वीडियो इतना वीभत्स्य था कि उसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो उनके साथ गैंगरेप भी हुआ था। इनमें से एक महिला की उम्र लगभग 40 साल से ज्यादा थी और दूसरी लगभग 21 साल की थी। देश इस घटना से उबारा नहीं था और राजस्थान में भी ऐसी एक घटना का होना मैला सुरक्षा पर प्रश्न चिह्न ही है।
महिलाओं पर हिंसा आखिर क्यों और कब तक?
हमारा देश भले ही आजादी का दिखावा क्यों न करे, लेकिन महिलाओं के खिलाफ अपराध रुकने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। देश भर में यौन उत्पीड़न, छेड़छाड़, क्रूरता, घरेलू हिंसा, अश्लीलता और अन्य अपराधों की सूची इतनी लंबी है कि इसका खात्मा करने के लिए न जाने कितना समय लग जाए।
लेकिन सवाल अभी भी यही है कि आजादी के इतने साल बाद भी अपराधों का सिलसिला जारी क्यों है? आखिर क्यों एक महिला अपने हिसाब से जीवन नहीं जी सकती है? आखिर क्यों उसे अपने निर्णय खुद लेने की आजादी नहीं है? आखिर क्यों आज भी महिला आजादी की गुहार लगा रही है? सवाल बहुत से हैं, लेकिन जवाब अभी भी ढूंढ रही हूं।
वास्तव में ऐसी घटनाएं देश की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्न चिह्न लगाती हैं और खासतौर पर महिलाओं की आजादी पर सवाल उठाती हैं।
आपका इस बारे में क्या ख्याल है हमें नीचे कमेंट बॉक्स में लिखना न भूलें। ऐसे और भी आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी से।
Next Story