- Home
- /
- लाइफ स्टाइल
- /
- इंफ्लामेशन और हृदय रोग...

स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को रोजाना कम से कम दो मौसमी फलों के सेवन की सलाह देते हैं। फलों में एंटीऑक्सीडेंट्स, विटामिन्स और शरीर के लिए आवश्यक अधिकतर मिनरल्स मौजूद होते हैं, जो कई प्रकार की बीमारियों के जोखिम को कम करने में मददगार हो सकते हैं। कुछ फलों में विशेषज्ञों ने ऐसे प्रभावी गुणों की पुष्टि की है, जो अल्जाइमर और आर्थराइटिस जैसी समस्याओं के जोखिम को कम करने में भी लाभकारी हो सकते हैं। अनार ऐसा ही एक अति लाभकारी फल है, जिसका वर्षों से कई प्रकार के स्वास्थ्य लाभ के लिए सेवन किया जाता रहा है।
शोधकर्ताओं ने पाया कि अनार में कैलोरी और वसा की मात्रा कम होने के साथ यह फाइबर, विटामिन और खनिजों से भरपूर होते हैं। इसमें पाए जाने वाले एंटीऑक्सिडेंट, हृदय स्वास्थ्य, मूत्र विकारों को दूर करने के साथ खून की कमी को ठीक करने में भी आपके लिए विशेष लाभकारी हो सकते हैं।
अनार का ग्लाइसेमिक इंडेक्स 53 होता है, ऐसे में इसका संयमित मात्रा में डायबिटीज में भी सेवन किया जा सकता है। आइए अनार खाने से शरीर को होने वाले स्वास्थ्य लाभ के बारे में जानते हैं।
शरीर को मिल जाते हैं ज्यादातर आवश्यक तत्व
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, आधा कप अनार (87-ग्राम) के सेवन से 72 कैलोरी, 16 ग्राम कार्ब्स, 3.5 ग्राम फाइबर, 1 ग्राम वसा और 1.5 ग्राम प्रोटीन प्राप्त किया जा सकता है। इसके अलावा यह फल फोलेट का भी जबरदस्त स्रोत माना जाता है जो शरीर में एनीमिया की समस्या को रोकने में लाभकारी हो सकता है। अनार में पोटैशियम, फास्फोरस और मैग्नीशियम की भी प्रचुर मात्रा होती है जिसकी शरीर को नियमित रूप से जरूरत होती है।
इंफ्लामेशन को कम करता है अनार
अध्ययनों में पाया गया है कि अनार पॉलीफेनोल्स नामक एंटी-ऑक्सीडेंट्स का बेहतर स्रोत हैं, जिसके एंटी-इंफ्लेमेटरी प्रभाव भी होते हैं। पॉलीफेनोल्स के स्रोत के रूप में, अनार शरीर में विभिन्न प्रकार की सूजन वाली स्थितियों को दूर करने में काफी लाभकारी हो सकता है। साल 2017 में अध्ययनों की समीक्षा में पाया गया कि अनार का अर्क या जूस इंफ्लेमेटरी बाउल डिजीज (आईबीडी), रूमेटाइट आर्थराइटिस, मेटाबॉलिज्म और हृदय संबंधी विकारों को दूर करने में विशेष लाभकारी हो सकता है।
हृदय रोगियों को जरूर करना चाहिए सेवन
अनार में कई ऐसे तत्व होते हैं जो रक्तचाप को कंट्रोल करने में मदद करते हैं जिससे हृदय और धमनियों की समस्याएं दूर होती हैं। साल 2012 के एक शोध में पाया गया कि अनार का रस हृदय प्रणाली में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम कर सकता है।
अनार को कोलेस्ट्रॉल, रक्त वाहिकाओं में अस्वास्थ्यकर वसा या लिपिड के निर्माण को रोकने में भी फायदेमंद पाया गया है जिससे हृदय की बीमारियों का खतरा कम होता है।
दूर होती है खून की कमी
अनार का सेवन वर्षों से एनीमिया की समस्या में लाभ पाने के लिए किया जाता रहा है। यह फल विटामिन-सी से भरपूर होता है, जो आयरन को अवशोषित करने में मदद करती है। अनार का नियमित सेवन हीमोग्लोबिन के स्तर को बढ़ाने और एनीमिया को दूर करने मदद करता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, अनार का सेवन करने से शरीर में ऊर्जा का स्तर भी बेहतर बना रहता है।