लाइफ स्टाइल

Dumplings से लेकर दाल-रोटी तक के लिए परफेक्ट है ये ड्राई प्याज चटनी

Ratna Netam
11 July 2026 9:13 PM IST
Dumplings  से लेकर दाल-रोटी तक के लिए परफेक्ट है ये ड्राई प्याज चटनी
x

Lifestyle लाइफ स्टाइल : शाम की चाय के साथ अगर पकौड़ी, ब्रेड रोल या कोई स्नैक्स खाने का मन हो, तो उसके स्वाद को और भी खास बनाने के लिए एक चटपटी चटनी काफी है। वहीं, रोजाना के दाल-रोटी जैसे साधारण खाने में भी अगर कुछ अलग स्वाद चाहिए तो ड्राई प्याज की चटनी एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है। यह चटनी स्वाद में मसालेदार होने के साथ-साथ बनाने में भी बेहद आसान है। इसे आप चटनी की तरह खा सकते हैं या फिर खाने में मसाले की तरह मिलाकर स्वाद बढ़ा सकते हैं।

ड्राई प्याज की चटनी की खास बात यह है कि इसे लंबे समय तक स्टोर करके रखा जा सकता है। एयर टाइट डिब्बे में भरकर रखने पर यह कई दिनों तक इस्तेमाल की जा सकती है। आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान विधि।

ड्राई प्याज की चटनी बनाने के लिए सामग्री

इस चटनी को बनाने के लिए आपको तीन से चार प्याज, एक से दो गांठ लहसुन, आधा कप मूंगफली, एक चम्मच चना दाल, एक चम्मच बिना छिलके वाली उड़द दाल, दो चम्मच धनिया के बीज, एक चम्मच जीरा, कुछ दाने मेथी, इमली का गूदा, बिना छिलके वाले भुने चने, सूखी लाल मिर्च और स्वादानुसार नमक की जरूरत होगी।

ऐसे तैयार करें ड्राई प्याज की चटनी

सबसे पहले एक पैन को गर्म करें। इसमें धनिया के बीज डालकर हल्का ड्राई रोस्ट करें। इसके बाद इसमें जीरा, मेथी, चना दाल और उड़द दाल डालकर अच्छी तरह भून लें। इन मसालों को भूनने से चटनी का स्वाद और खुशबू काफी बढ़ जाती है। इसमें थोड़ा सा इमली का गूदा भी मिला सकते हैं, जिससे चटनी में हल्की खटास आएगी।

अब तीन से चार प्याज को पतले लंबे टुकड़ों में काट लें। एक कड़ाही में तेल गर्म करें और प्याज को सुनहरा भूरा होने तक फ्राई करें। प्याज को निकालकर अतिरिक्त तेल छान लें और इसे टिश्यू पेपर पर रखकर सुखा लें।

इसके बाद उसी तेल में मूंगफली, लहसुन और भुने हुए चनों को हल्का फ्राई कर लें। अब गैस बंद कर दें और तेल का तापमान थोड़ा कम होने के बाद इसमें सूखी लाल मिर्च डालकर हल्का फ्राई करें। ध्यान रखें कि मिर्च को ज्यादा देर तक तेल में न रखें, वरना इसकी तीखी महक आंख और नाक में परेशानी कर सकती है।

पीसने के बाद तैयार होगी चटनी

अब ग्राइंडर जार में सबसे पहले भुने हुए मसाले डालें। इसमें स्वादानुसार नमक और कश्मीरी लाल मिर्च डालकर हल्का दरदरा पीस लें। इसके बाद इसमें फ्राई की हुई लाल मिर्च, प्याज, मूंगफली और लहसुन डालकर सभी चीजों को दरदरा पीस लें।

आपकी स्वादिष्ट ड्राई अनियन चटनी तैयार है। इसे दाल-रोटी, पराठे, पकौड़ी, ब्रेड रोल या अन्य स्नैक्स के साथ खाया जा सकता है।

अगर आपके पास इमली उपलब्ध नहीं है तो इसकी जगह अमचूर पाउडर का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे चटनी में खटास भी बनी रहेगी और स्वाद भी बढ़ जाएगा। इस आसान रेसिपी से आप घर पर बिना ज्यादा मेहनत के स्वादिष्ट और लंबे समय तक चलने वाली प्याज की चटनी तैयार कर सकते हैं।

Next Story