लाइफ स्टाइल

भावनगर की ये खूबसूरत जगहें आपका मन मोह लेंगी

Manish Sahu
16 Aug 2023 9:24 AM GMT
भावनगर की ये खूबसूरत जगहें आपका मन मोह लेंगी
x
लाइफस्टाइल: गुजरात भारत का एक बेहद ही खूबसूरत राज्य है। गुजरात का लगभग हर शहर अपनी जीवंत संस्कृति, समृद्ध विरासत के अलावा प्राकृतिक सुंदरता और लजीज पकवानों के लिए दुनिया भर में फेमस है। इस खूबसूरत राज्य को 'द लैंड ऑफ लीजेंड्स' के नाम से भी जाना जाता है।
सूरत, अहमदाबाद, गांधीनगर, राजकोट या द्वारका जैसे शहर अपनी असीम खूबसूरती के लिए दुनिया भर में फेमस हैं। गुजरात का भावनगर भी खूबसूरती के मामले में काम नहीं है। खम्भात की खाड़ी के किनारे मौजूद होने के चलते यहां सैलानी भी भारी संख्या में घूमने पहुंचते रहते हैं।
इस आर्टिकल में हम आपको भावनगर की कुछ ऐसी हसीन जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो चंद मिनटों में आपका मन मोह लेंगी।
गोपनाथ बीच
गुजरात के भावनगर में घूमने की बात होती है तो सबसे पहले गोपनाथ बीच का नाम जरूर लिया जाता है। शहर से दूर एकदम शांत गोपनाथ बीच खूबसूरती के साथ-साथ बर्ड वॉचिंग के लिए भी लोकप्रिय स्थान माना जाता है।
सफेद बालू और चमचमाते पानी के किनारे आराम फरमाने के लिए गोपनाथ बीच सैलानियों के बीच काफी फेमस माना जाता है। मानसून में इस जगह की खूबसूरती चरम पर होती है। इसलिए जुलाई और अगस्त में यहां सबसे अधिक पर्यटक घूमने पहुंचते हैं। बीच से सूर्योदय और सूर्यास्त का नजारा भी काफी सुंदर दिखाई देता है।
नीलामबाग पैलेस
भावनगर में स्थित नीलामबाग ऐतिहसिक धरोहर होने के साथ-साथ एक बेहद ही खूबसूरत पैलेस है। कहा जाता है कि साल 1879 में महाराजा साहेब तख्तसिंहजी ने नीलामबाग पैलेस को डिजाइन करने के लिए जर्मन वास्तुकार को नियुक्त किया था।
नीलामबाग पैलेस की वास्तुकला सैलानियों को काफी आकर्षित करती है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि अब इस खूबसूरत पैलेस को होटल में तब्दील कर दिया है। ऐसे में अगर आप भावनगर घूमने जाते हैं, तो यहां शाही अंदाज में ठहर सकते हैं और भावनगर की खूबसूरती को एक्सप्लोर कर सकते हैं। (गुजरात की 9 सबसे फेमस और ऐतिहासिक जगहें)
विक्टोरिया नेचर पार्क
अगर आप प्रकृति प्रेमी हैं और भावनगर की प्राकृतिक सुंदरता का लुत्फ उठाना चाहते हैं, तो फिर आपको विक्टोरिया नेचर पार्क पहुंच जाना चाहिए। करीब 500 एकड़ में फैला यह खूबसूरत पार्क हर समय सैलानियों में आकर्षण का केंद्र रहता है।
विक्टोरिया नेचर पार्क अपनी खूबसूरती के साथ-साथ विभिन्न वनस्पतियों और असंख्य जीव-जन्तुओं का घर भी माना जाता है। मानसून के समय पार्क में हर तरफ हरियाली ही हरियाली दिखाई देती है। यहां आप सुकून का पला बिता सकते हैं। आपको बता दें कि सुबह और शाम के समय यहां सबसे अधिक सैलानी घूमने पहुंचते हैं। (सूरत में घूमने की जगहें)
गौरीशंकर झील
भावनगर के प्राकृतिक आकर्षणों स्थलों की बात होती है, तो गौरीशंकर झील का नाम जरूर लिया जाता है। यह एक कृत्रिम झील है। कहा जाता है कि इस झील को खूबसूरत बनाने का श्रेय गौरीशंकर को दिया जाता है जो उस समय भावनगर के दीवान थे।
गौरीशंकर झील हर उम्र के लोगों के बीच में फेमस है। इस खूबसूरत झील के किनारे भावनगर के अलावा अन्य कई शहरों से लोग पिकनिक मनाने के लिए पहुंचते हैं। झील के पास एक प्राचीन शिव मंदिर भी है। इस झील की असल खूबसूरती मानसून में होती है। झील के किनारे से सूर्योदय और सूर्यास्त का अद्भुत नजारा देखा जा सकता है।
भावनगर में घूमने की अन्य जगहें
भावनगर में ऐसी अन्य कई अद्भुत और मनमोहक जगहें हैं, जिन्हें आप एक्सप्लोर कर सकते हैं। जैसे-टकटेश्वर मंदिर, महात्मा गांधी जी समर्पित गांधी स्मृति, बार टोन लाइब्रेरी और भावनगर की तातानिया झील के किनारे स्थित ऐतिहासिक खोडियार मंदिर को भी एक्सप्लोर कर सकते हैं।
भावनगर कैसे पहुंचें?
भावनगर पहुंचना बहुत ही आसान है। गुजरात के किसी भी हिस्से से आप भावनगर पहुंच सकते हैं। देश के किसी भी हिस्से से भावनगर रेलवे स्टेशन पहुंचकर इस खूबसूरत शहर को एक्सप्लोर कर सकते हैं।
अगर आप हवाई यात्रा के माध्यम से भावनगर पहुंचना चाहते हैं तो सबसे पास में सूरत एयरपोर्ट है। सूरज एयरपोर्ट से बस, टैक्सी या कैब लेकर आसानी से भावनगर पहुंच सकते हैं। वडोदरा हवाई अड्डा या राजकोट एयरपोर्ट से भी भावनगर पहुंच सकते हैं।
Next Story