धर्म-अध्यात्म

भूत-प्रेत और काली शक्तियों को उतारने के लिए फेमस हैं भारत के ये 7 धार्मिक स्थल

SANTOSI TANDI
15 Jun 2023 12:26 PM GMT
भूत-प्रेत और काली शक्तियों को उतारने के लिए फेमस हैं भारत के ये 7 धार्मिक स्थल
x
भूत-प्रेत और काली शक्तियों को उतारने
क्या आपने कभी किसी भूत की उपस्थिति महसूस की है? क्या ऐसा हुआ है कि आपके सामने किसी ने भूत भगाने का दावा किया हो या फिर आपने कभी किसी ऐसी जगह को देखा हो जहां भूतों का मेला लगता है? हमारे देश में ऐसे कई स्थान हैं जहां यह दावा किया जाता है कि इंसानी शरीर में मौजूद प्रेत आत्मा और काला साया यहां आने मात्र से भस्म हो जाता है। आज हम उन्हीं धार्मिक स्थलों की बात करने जा रहे हैं जिन्हें लोग मानते हैं।
इनमें से कुछ मंदिरों को मैंने खुद विजिट किया है और कुछ को मान्यताओं के आधार पर इस लिस्ट में जगह मिली है।
1. जाम सांवली मंदिर
कहां स्थित है- मध्यप्रदेश
क्या है खास- मान्यता है कि मूर्ति हर साल कुछ सेंटीमीटर बढ़ जाती है
मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले का यह मंदिर भूतों को भगाने के लिए फेमस है। माना जाता है कि यहां मौजूद लेटे हुए हनुमान जी की मूर्ति हर साल थोड़ी सी बढ़ जाती है। लोग अपने परिवार वालों को लेकर यहां आते हैं जिन पर उनके हिसाब से किसी भूत प्रेत का साया है। आपको यहां लोग अजीब हरकतें करते हुए दिख जाएंगे। यहां प्रसाद भी बंटता है और लोग दूर-दूर से दर्शन करने आते हैं। इस मंदिर को लेकर एक प्रचलित कथा भी है। माना जाता है कि यहां पहले मूर्ति खड़ी हुई थी और इसके नीचे काफी धन छिपा हुआ था, लेकिन उसे चोरों से बचाने के लिए यहां मौजूद हनुमान की मूर्ति लेट गई और उसके बाद कोई इसे खड़ा नहीं कर पाया।
मध्यप्रदेश से ताल्लुक रखने के कारण इस मंदिर को मैंने खुद विजिट किया है। यहां अंदर जाते ही आपको रेलिंग के पास कई लोग नाचते हुए दिख जाते हैं। मान्यता है कि लोग यहां मानसिक बीमारी या प्रेत बाधा से ग्रसित होकर आते हैं। यहां पहुंचकर थोड़ा अजीब अनुभव जरूर होता है क्योंकि यहां का माहौल ही ऐसा है। प्रसाद लेने के लिए लंबी लाइन लगती है और माना जाता है कि ऐसा इंसान जिसे प्रेत बाधा है, वो यहां का प्रसाद नहीं खाएगा।
jam sawli mandir
2. मेहंदीपुर बालाजी
कहां स्थित है- राजस्थान
क्या है खास- भूत उतारने के लिए सबसे प्रसिद्ध भारतीय मंदिर। यहां हर रोज हजारों लोग दर्शन के लिए आते हैं।
भूत भगाने के सबसे प्रसिद्ध स्थानों में से एक है मेहंदीपुर बालाजी मंदिर। राजस्थान का यह मंदिर काला जादू उतारने के लिए बहुत प्रसिद्ध है। आप यहां जाएंगे, तो पाएंगे कि लोग भूत-प्रेत उतारने के मंत्र पढ़ रहे हैं।
वैसे तो यहां हजारों श्रद्धालू आते हैं, लेकिन हनुमान जयंति और मंगलवार के दिन यहां की भीड़ बहुत बढ़ जाती है। अगर आपको बहुत भीड़ में दिक्कत होती है, तो ऐसे दिनों को अवॉइड करना चाहिए। यहां आने वाले लोग अपनी श्रद्धा दिखाने के लिए खुद पर उबलता हुआ पानी भी डाल लेते हैं। खुद को दीवारों से बांध लेते हैं और ऐसा माना जाता है कि यहां कई बुरी आत्माओं का वास है।
3. हजरत सैयद अली मिरा दातार दरगाह
कहां स्थित है- गुजरात
क्या है खास- यहां अधिकतर लोग ताले में बंधे हुए आते हैं और भूत भगाने के लिए महिलाओं की संख्या ज्यादा मिल जाएगी।
गुजरात की यह दरगाह भी भूत-प्रेत भगाने के लिए प्रसिद्ध है। अधिकतर इस दरगाह पर महिलाएं आती हैं जिन्हें किसी तरह की मानसिक बीमारी हो या फिर किसी भूत-प्रेत के साए का डर हो।
हालांकि, ऐसा नहीं है कि यहां सिर्फ मुस्लिम समुदाय के लोग ही आ सकते हैं। हर धर्म, जाति और आस्था के लोग यहां श्रद्धा से आ सकते हैं। यहां आपको कई लोग अपने शरीर को चेन और तालों में बांधे हुए दिख जाएंगे।
4. देवी महाराज मंदिर
कहां स्थित है- मध्यप्रदेश
क्या है खास- यहां अपनी आस्था साबित करने के लिए लोग अलग-अलग तरह के रिवाज करते हैं। अधिकतर दर्द सहने की अपनी क्षमता का परिचय देते हैं।
मध्यप्रदेश का यह मंदिर अपने अनोखे रिवाजों के लिए प्रसिद्ध है। यहां लोग अपनी हथेली पर जलता हुआ कपूर रख बुरी आत्माओं को दूर रखने की प्रार्थना करते हैं।
आपको शायद ना पता हो, लेकिन इस मंदिर में हर साल भूत मेला लगाया जाता है। यहां भी आपको लोग अजीब-अजीब हरकतें करते दिख जाएंगे।
5. निजामुद्दीन दरगाह दिल्ली
कहां स्थित है- दिल्ली
क्या है खास- यहां आपको झाड़-फूंक करने वाले कई बाबा मिल जाएंगे। यह जगह अलग-अलग कमरों में विभाजित है और बीच में बड़ा सा आंगन भी मौजूद है।
इस दरगाह में ऐसी एक जगह भी है जहां लोगों के सिर से साया उतारा जाता है। कई लोग यहां भूत और बाधा उतरवाने आते हैं। इस दरगाह में लगभग रोजाना ही ऐसे लोग मिल जाएंगे। इसे आपने शायद कई फिल्मों में भी देखा होगा। इस जगह भी मैं पर्सनली गई हूं और आपको बता दूं कि यहां पर कई स्कैम भी हो सकते हैं। दरगाह के मुख्य द्वार पर पहुंचने से पहले ही आपको कई बाबा हाथ में मोर पंख की झाड़ू लिए मिल जाएंगे। इनमें से कुछ सिर्फ पैसों के लिए आते हैं। आपको मुख्य स्थान पर पहुंचने से पहले इनसे बचना होगा।
6. चंडी देवी मंदिर
कहां स्थित है- उत्तराखंड
क्या है खास- यहां देवी का सबसे रौद्र रूप मौजूद है। भूतों का मेला यहां बहुत ज्यादा प्रसिद्ध है।
नवरात्र के दौरान इस मंदिर में भूतों का मेला लगता है। ऐसा माना जाता है कि यहां आने मात्र से लोगों के सिर से बुरा साया हट जाता है। चंडी देवी का प्रसाद पाने हर साल लाखों लोग इस मंदिर में जाते हैं। हरिद्वार का यह मंदिर ऊंची पहाड़ी पर स्थित है। मैंने इस मंदिर में भी दर्शन किए हैं। आपको यहां जाने से पहले अपने हाथ-पैर धोने होते हैं।
इसे जरूर पढ़ें- बिहार की 7 भूतिया जगहें
7. दत्तात्रेय मंदिर कर्नाटक
कहां स्थित है- कर्नाटक
क्या है खास- यहां की आरती को सबसे ज्यादा माना जाता है। यहां पर भगवान को बुरा-भला कहते भी कई लोग दिख जाएंगे।
कर्नाटक के गंगापुर में स्थित यह मंदिर अपने आप में अनोखा है। इस मंदिर में पूर्णिमा के दौरान महामंगल आरती होती है। यह आरती सुबह 11.30 बजे शुरू होती है। इस दौरान लोग चिल्लाते हुए, नाचते हुए, भगवान को कोसते हुए दिख जाते हैं। ऐसा माना जाता है कि इन लोगों के अंदर बुरी आत्माएं हैं।
वैसे तो इस तरह के कई मंदिर भारत में मौजूद हैं जिन्हें भूत भगाने का स्थल माना जाता है। क्या आपने कभी ऐसी किसी जगह का भ्रमण किया है? अपने जवाब और सुझाव हमें आर्टिकल के नीचे दिए कमेंट बॉक्स में बताएं। यह स्टोरी पसंद आई हो तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Next Story