लाइफ स्टाइल

दही से जुड़े ये 5 हैक्स किचन में आएंगे बेहद काम

SANTOSI TANDI
8 Aug 2023 7:00 AM GMT
दही से जुड़े ये 5 हैक्स किचन में आएंगे बेहद काम
x
आएंगे बेहद काम
शायद ही कोई ऐसा भारतीय घर हो, जहां पर लोग दही खाना पसंद ना करते हों। दूध की मदद से बनने वाली दही को कभी ऐसे ही खाने के साथ सर्व किया जाता है, तो कभी इससे लस्सी या रायता बनाया जाता है। इसे चाहे किसी भी रूप में खाया जाए, यह बेहद ही टेस्टी लगती है। अक्सर लोग बाजार से दही लाकर खाते हैं तो कुछ इसे घर पर ही जमाना पसंद करते हैं।
यह सच है कि दही को खाने के साथ साइड डिश के रूप में सर्व किया जाता है, लेकिन इसका सेवन सिर्फ यही तक सीमित नहीं है। कई तरह के पोषक तत्वों से युक्त दही किचन में कई तरह से काम में आ सकती है। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको दही से जुड़े कुछ ऐसे ही अमेजिंग हैक्स के बारे में बता रहे हैं, जो यकीनन आपके बेहद काम आने वाले हैं-
बनाएं पनीर
हम सभी दूध से दही जमाते हैं। लेकिन यही दही घर पर बाजार जैसा पनीर बनाने में भी आपकी मदद कर सकती है। आप घर पर मुलायम पनीर बनाने के लिए दही का इस्तेमाल करके देखें। अक्सर हम दूध से पनीर निकालने के लिए नींबू या सिरके का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन अगर आप चाहें तो इसमें एक चम्मच खट्टा दही भी मिला सकते हैं। इससे आपको एकदम नरम और ताजा पनीर आसानी से मिल जाएगा।
गूंथे आटा
दही का इस्तेमाल आटा गूंथते समय भी किया जा सकात है। इससे आपके परांठे अधिक स्वादिष्ट और नरम बनते हैं। आपको बस इतना करना है कि आटा गूंथते (आटा गूंथने के ट्रिक्स) समय आटे में एक चम्मच दही मिलाएं और फिर आटा गूंथ लें। हालांकि, आटा गूंथने के बाद उसे बहुत देर बाहर ना छोड़ें, अन्यथा इसमें खट्टापन आ सकता है।
दही से बनाएं आइसक्रीम
सुनने में आपको शायद अजीब लगे, लेकिन आप अगर चाहें तो दही की मदद से घर पर ही लाजवाब आइसक्रीम भी तैयार कर सकती हैं। इसके लिए आप दही में शुगर, शहद या मेपल सिरप डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। इसमें आप क्रीम, कुछ नट्स व बिस्किट का चूरा आदि मिक्स करके फ्रीजर में रखें। यह बाजार में मिलने वाली आइसक्रीम की तरह ही टेस्टी होगी, लेकिन उससे अपेक्षाकृत हेल्दी होगी।
तैयार करें पैनकेक
अक्सर हम नाश्ते में पैनकेक खाना काफी पसंद करते हैं और इसे बनाते समय दूध का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन अगर आपके पैनकेक (चावल से बनाएं पैनकेक) उतने नरम व फ्लफी नहीं बनते हैं तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। दही आपके बेहद काम आ सकती है। अब आप पैनकेक का बैटर बनाते समय उसमें दूध की मात्रा थोड़ी कम कर दें और उसके साथ-साथ दही को भी मिक्स करें। इसके बाद जब आप पैनकेक तैयार करेंगे तो उसका टेस्ट पहले से भी अच्छा होगा और वह अधिक फ्लफी बनेगा।
दही से बनाएं पास्ता सॉस
अगर आप घर पर पास्ता बना रही हैं तो एक क्रीमी पास्ता सॉस बनाने के लिए दही को भुने हुए लहसुन, हर्ब्स और थोड़े से पास्ता वाटर के साथ मिलाएं। इससे जो सॉस तैयार होगी, वह पारंपरिक क्रीम-आधारित सॉस की तुलना में हल्की और टेस्टी बनेगी।
तो अब आप भी अपनी किचन में दही को इन मजेदार तरीकों से इस्तेमाल करें। इस आर्टिकल के बारे में अपनी राय भी आप हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं। साथ ही, अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Next Story