लाइफ स्टाइल

पथरी में अनार खाना चाहिए या नहीं? जानें क्या है एक्सपर्ट राय

Tulsi Rao
14 Jun 2022 10:43 AM GMT
पथरी में अनार खाना चाहिए या नहीं? जानें क्या है एक्सपर्ट राय
x

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। पथरी में अनार खा सकते हैं या नहीं? पथरी एक गंभीर समस्या है, आजकल अधिकतर लोग पथरी की समस्या से परेशान हैं। पथरी का दर्द असहनीय होता है। शरीर में पथरी किडनी या गाल ब्लैडर दोनों में से किसी भी जगह बन सकती है। पथरी होने पर व्यक्ति को अपने खान-पान का खास ध्यान रखने की जरूरत होती है। पथरी वाले रोगियों को बीज वाले खाद्य पदार्थ न खाने की सलाह दी जाती है। साथ ही हैवी फूड के लिए भी मना किया जाता है।

कई लोग ऐसे हैं, जिन्हें पथरी है और वे अपना हीमोग्लोबिन बढ़ाना चाहते हैं। ऐसे में उनके मन में अकसर सवाल रहता है कि पथरी में अनार खाना चाहिए या नहीं? इस सवाल का जबाव जानने के लिए हमने रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल, सिरसा के आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा से बातचीत की-
पथरी में अनार खाना चाहिए या नहीं? (Can We Eat Pomegranate in Stone)
डॉक्टर श्रेय शर्मा बताते हैं पथरी में सीमित मात्रा में अनार का सेवन किया जा सकता है। पथरी में रोजाना 100 ग्राम अनार खाया जा सकता है। लेकिन इससे अधिक मात्रा में अनार खाने से बचना चाहिए। क्योंकि पथरी में बीज वाले फलों और सब्जियों से परहेज करने की सलाह दी जाती है। बीज वाले फल पथरी को बढ़ा सकते हैं। 100 ग्राम से अधिक अनार खाने से पथरी बढ़ सकती है।
पथरी में अनार खाने के फायदे (Pomegranate Benefits in Stone)
अनार पोषक तत्वों का भंडार हैं। इसमें आयरन, जिंक, ओमेगा 6 फैटी एसिड, विटामिन के, विटामिन बी और फाइबर अच्छी मात्रा में होता है। डॉक्टर श्रेय बताते हैं कि पथरी में अनार खाने से कोई विशेष लाभ नहीं मिलता है। लेकिन अनार सामान्य लोगों की तरह ही पथरी वाले लोगों के लिए भी फायदेमंद हो सकता है।
1. पाचन को सही बनाता है
अनार में मौजूद फाइबर पाचन को सही बनाने में मदद करता है। पाचन के सही रहने से पथरी को निकालने में आसानी हो सकती है। इसलिए अगर आपको पाचन से जुड़ी कोई समस्या है, तो अनार को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।
2. हीमोग्लोबिन बढ़ाए
खून की कमी होने पर अकसर अनार खाने की सलाह दी जाती है। अनार में आयरन की मात्रा बहुत अधिक होती है। इसे रोजाना खाने से शरीर से खून की कमी दूर होती है और हीमोग्लोबिन बढ़ता है।
पथरी में अनार खाने के नुकसान (Pomegranate Side Effects in Stone)
अगर पथरी में सीमित मात्रा में अनार खाया जाता है, तो नुकसानदायक नहीं होता है। लेकिन अगर पथरी रोगी 100 ग्राम से अधिक अनार का सेवन करते हैं तो इससे पथरी का अधिक निर्माण हो सकता है। पथरी रोगियों को अधिक दर्द हो सकता है।
अगर आपको पथरी है और आप अनार खाना चाहेत हैं, तो एक्सपर्ट की राय पर इसका सेवन कर सकते हैं। क्योंकि कई लोगों के शरीर में अधिक मात्रा में स्टोन होता है, ऐसे में डॉक्टर अनार से परहेज करने की भी सलाह दे सकते हैं। लेकिन पथरी होने पर हमेशा डॉक्टर की राय पर ही किसी भी खाद्य पदार्थ का सेवन करना चाहिए। पथरी रोगियों को दर्द से बचने के लिए अपनी डाइट का खास ध्यान जरूर रखना चाहिए।


Next Story